भारत के पंजाब प्रांत स्थित लुधियाना शहर की अदालत परिसर में बम धमाका करने के मुख्य साजिश करने वाले जसविंदर सिंह मुल्तान को जर्मनी से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुल्तान प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस का शीर्ष सदस्य बताया जा रहा है। भारत की पुलिस का कहना है कि जसविंदर सिंह ने ही 23 दिसंबर को लुधियाना स्थित अदालत परिसर में धमाके की साजिश रची थी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि 5 अन्य घायल हो गए थे।
एजेंसियों का कहना है कि जसविंदर सिंह भारत में कई अन्य जगहों पर भी आतंकी हमले करने की साजिश रच रहा था। इसके साथ ही आरोप है कि अक्टूबर के महीने में पंजाब के तरनतारन क्षेत्र में उसने बड़ी मात्रा में हथियार भेजे थे। सूत्रों का कहना है कि भारत सरकार ने इस मामले में जर्मनी के दूतावास को जरूरी जानकारी दी थी। बर्लिन में आतंकवाद निरोधी एजेंसी को सबूत मुहैया कराया गया था। इसके बाद मुल्तान की गिरफ्तारी हुई।