राष्ट्रपति चुनाव के बाद छह जनवरी 2021 को अमेरिका के कैपिटल हिल में हुई हिंसा के दौरान उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने लगभग दो घंटे एक पाइप बम के पास गुजारे थे। यह दावा एक मीडिया रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी (DNC) मुख्यालय के बाहर एक बेंच पर यह पाइप बम रखा हुआ था। इस बम का पता चलने से पहले वह लगभग दो घंटे तक डीएनसी के अंदर थीं।
हैरिस सुबह लगभग 11.30 बजे गैरेज से होते हुए पार्किंग डेक की ओर गई थीं। इसी के पास कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने पाइप बम बरामद किया था। यूएस कैपिटल पुलिस की एक अंतरिम टाइमलाइन के अनुसार एक बेनाम व्यक्ति को डीएनसी इमारत से दोपहर 1.14 बजे निकाला गया था। इसके करीब सात मिनट बाद कैपिटल पुलिस ने बम की जांच करनी शुरू की थी। अब पता चला है कि यह शख्स हैरिस थीं।