30 एमक्यू-9बी प्रिडेटर ड्रोन को खरीदने के लिए भारत की अमेरिका के साथ बातचीत अंतिम चरण में है। जानकारी के अनुसार यह सौदा तीन अरब डॉलर (239 अरब 65 करोड़ 29 लाख रुपये) से अधिक राशि का है। चीन के साथ लंबे समय से चल रहे सीमा विवाद को देखते हुए वास्तविक नियंत्रण रेखा और हिंद महासागर में सतर्कता व निगरानी बढ़ाने के लिए भारत सरकार इन ड्रोन की खरीद कर रही है।
इस ड्रोन का निर्माण प्रमुख अमेरिकी कंपनी जनरल एटॉमिक्स ने किया है। जानकारी के अनुसार इस सौदे की सरकारी स्तर पर खरीद के लिए वार्ता चल रही है। बता दें कि बीच में खबरें आई थीं कि इस सौदे पर बातचीत बंद हो चुकी है लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने जानकारी दी है कि बातचीत जारी है और अपने अंतिम चरण में है।