Skip to content

109 जीवित जानवरों के साथ भारतीय महिलाएं बैंकॉक एयरपोर्ट पर बंदी

हवाई अड्डों के माध्यम से जानवरों की तस्करी लंबे समय से इस क्षेत्र में एक बड़ा मुद्दा रहा है। महिलाओं के सामान में दो सफेद साही, दो आर्मडिलोस, 35 कछुए, 50 छिपकली और 20 सांप बरामद किए गए हैं।

बैंकॉक के सुवर्णभूमि हवाई अड्डे पर दो भारतीय महिलाओं के सामान में 109 जीवित जानवर पाए जाने के बाद तस्करी करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। थाईलैंड के अधिकारियों ने बताया कि थाईलैंड के राष्ट्रीय उद्यान, वन्यजीव और पौधे संरक्षण विभाग ने कहा है कि एक्स-रे निरीक्षण के बाद 109 जानवरों को दो अलग अलग सूटकेस में खोजा गया था। महिलाओं के सामान में दो सफेद साही, दो आर्मडिलोस, 35 कछुए, 50 छिपकली और 20 सांप बरामद किए गए हैं।

थाईलैंड अधिकारियों ने बताया कि सूटकेस दो भारतीय महिलाओं नित्या राजा और जकिया सुल्ताना इब्राहिम के थे जो चेन्नई के लिए एक उड़ान में सवार होने वाली थीं। उन्हें 2019 के वन्यजीव संरक्षण और संरक्षण अधिनियम, 2015 के पशु रोग अधिनियम और 2017 के सीमा शुल्क अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों ने यह खुलासा नहीं किया है कि संदिग्ध अपने गंतव्य पर पहुंचने पर जानवरों के साथ क्या करने की योजना बना रहे थे। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि तंग सूटकेस से बचाए जाने के बाद जानवरों के साथ क्या हुआ। बता दें कि हवाई अड्डों के माध्यम से जानवरों की तस्करी लंबे समय से इस क्षेत्र में एक बड़ा मुद्दा रहा है।

वर्ष 2019 में बैंकॉक से चेन्नई पहुंचने वाले एक व्यक्ति को कथित तौर पर हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था। यहां कस्टम अधिकारियों ने उसके सामान में एक महीने का तेंदुआ शावक बरामद किया था। अभी हाल ही में पिछले महीने चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने थाईलैंड से जंगली जानवरों की तस्करी के दो प्रयासों को दो दिनों में विफल किया था।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार अधिकारियों ने बैंकॉक से चैन्नई पहुंचे एक यात्री को रोका था और उसके सामान से एक अल्बिनो साही और एक सफेद होंठ और लाल छाती वाला बंदर बरामद किया था। इस बंदर को टमरीन कहा जाता है।

वन्यजीव व्यापार निगरानी एजेंसी TRAFFIC की 2022 की एक रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 2011 और 2020 के बीच 18 भारतीय हवाई अड्डों पर 140 बरामदगी में 70,000 से अधिक देशी और विदेशी जंगली जानवरों को यात्रियों के सामान से बरामद किया गया है।

Comments

Latest