आखिर क्रूज से भारतीय महिला कैसे हो गईं लापता, मौत का रहस्य बरकरार

मलेशिया के उत्तरी द्वीपीय राज्य पेनांग से सिंगापुर जलडमरूमध्य से गुजरते समय रॉयल कैरेबियन क्रूज से गिरकर सोमवार को लापता हुई भारतीय महिला की मौत हो गई है। महिला के बेटे विवेक साहनी ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। विवेक ने क्रूज के सीसीटीवी देखने के बाद कहा कि फुटेज देखने के बाद हमें दुर्भाग्य से यह पता चला है कि हमारी मां अब नहीं रहीं। विवेक की मां रीता साहनी (64) और पिता जाकेश साहनी (70) ‘स्पेक्ट्रम ऑफ द सीज’ पर थे। इससे पहले दंपति के एक अन्य बेटे अपूर्व साहनी ने सोमवार को बताया था कि उसकी मां को तैरना नहीं आता।

विवेक साहनी ने बताया था कि उनकी मां की मौत हो गई और अथक प्रयासों के बाद क्रूज लाइनर ने निगरानी फुटेज साझा की और शव की तलाश जारी है। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर, पीएमओ और सिंगापुर में भारतीय दूतावास को उनकी मदद के लिए धन्यवाद दिया।

भारतीय उच्चायोग परिवार के संपर्क में है और संबंधित मुद्दों को हल करने के लिए सिंगापुर के अधिकारियों के साथ निकट संपर्क में है और कानूनी प्रक्रियाओं की सुविधा प्रदान कर रहा है। उच्चायोग ने रॉयल कैरेबियन क्रूज के भारत प्रमुख से भी संपर्क किया है जिससे सभी तरह के सहयोग दिया जा सके।

साहनी ने पहले कहा था कि चालक दल ने उन्हें सूचित किया कि उनकी मां जहाज से कूद गई। दावा किया गया कि चालक दल ने कोई निगरानी फुटेज नहीं दिखाया है और उनकी मां का पता लगाने के लिए कोई बचाव अभियान भी नहीं चलाया और यहां तक कि उनके पिता को भी विमान से उतार दिया गया। स्ट्रेट टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, रीता साहनी नाम की महिला अपने पति जकेश साहनी के साथ 'स्पेक्ट्रम ऑफ द सीज़' क्रूज जहाज पर सवार थीं और कथित तौर पर सिंगापुर जाने के दौरान जहाज से कूद गई।

जाकेश ने क्रूज पर अपनी पत्नी को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहे। बाद में उन्होंने जहाज के चालक दल को सूचित किया, जिन्होंने उन्हें बताया कि जहाज से कुछ सिंगापुर जलडमरूमध्य में गिरा है। स्ट्रेट टाइम्स से बात करते हुए विवेक साहनी ने कहा था कि हमने सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए कहा है, लेकिन अब तक, हमें अभी तक ऐसा कुछ भी नहीं मिला है, जिससे यह पुष्टि हो सके कि यह वही थी।

हम सभी जानते हैं कि जहाज के चालक दल को लगता है कि वह कूद गई। साहनी ने स्ट्रेट टाइम्स को बताया था कि मेरे पिता को जहाज से उतरने के लिए कहा गया। साहनी ने कहा कि उनकी मां को तैरना नहीं आता और पुलिस ने उनके पिता से घंटों तक पूछताछ की। सिंगापुर के समुद्री और बंदरगाह प्राधिकरण (MPA) का कहना है कि महिला यात्री सिंगापुर जलडमरूमध्य में गिर गई थी और समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (MRCC) खोज कर रहा है।