दौड़ते-दौड़ते 'स्वच्छ ब्रिटेन' मिशन चला रहा ये भारतीय, 180 देशों के लोग आए साथ

भारतीय छात्र विवेक गुरव ने ब्रिटेन की सड़कों की सफाई के लिए एक अनूठा अभियान चलाया है। इसे प्लोगिंग नाम दिया गया है, यानी जॉगिंग के साथ कूड़ा-कचरा बीनना। दक्षिण पूर्व इंग्लैंड की ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी के पुरस्कार विजेता पर्यावरणविद विवेक अब तक ब्रिटेन में 420 मील की जॉगिंग करके 120 प्लोगिंग अभियान चला चुके हैं। उनके मिशन से 180 देशों के वॉलिंटियर्स जुड़े हैं।

विवेक मूल रूप से भारत के पुणे शहर के हैं। उनका प्लोगिंग अभियान स्वीडन से प्रेरित है जहां लोगों को अपनी गलियों की साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया जाता है। यह जानना भी दिलचस्प है कि विवेक ने 2018 में पुणे शहर में 'पुणे प्लोगर्स' नाम से समूह बनाया था। उस वक्त इस समूह से 10 हजार लोग जुड़े थे। इन लोगों ने तीन साल में 10 लाख किलोग्राम से अधिक कचरा बीना था।