चेतना मारू का उपन्यास बुकर के संभावित विजेताओं की सूची में

भारतीय मूल की ब्रिटिश लेखिका चेतना मारू के पहले उपन्यास 'वेस्टर्न लेन' को साल 2023 के बुकर पुरस्कार के अंतिम 13 में चुना गया है। पचास हजार पाउंड की पुरस्कार राशि को इस पुरस्कार की घोषणा 26 नवंबर को लंदन में आयोजित समारोह में की जाएगी।

केन्या में जन्मी चेतना मारू का उपन्यास ब्रिटेन में रहने वाले गुजरातियों पर आधारित है। इसमें 11 साल की लड़की गोपी और उसके परिवार के साथ संबंधों की कहानी बताई गई है। उपन्यास में जटिल मानवीय भावनाओं को व्यक्त करने के लिए जिस तरह से स्क्वैश खेल की शब्दावलियों का प्रयोग किया गया है, उसकी बुकर पुरस्कार के निर्णायक मंडल ने प्रशंसा की है।

‘वेस्टर्न लेन’ दुख से जूझ रहे एक परिवार के बारे में एक गहरी विचारोत्तेजक शुरुआत है, जिसे स्पष्ट भाषा के माध्यम से व्यक्त किया गया है और जो गेंद के साफ और जोर से टकराने की ध्वनि की तरह गूंजती है। यह एक लड़की के दुख, अपनी जैसी दूसरी लड़कियों के साथ दोस्ती और सामान्‍य से अधिक हासिल करने के संघर्ष की कहानी है।

लंदन में रहने वाली मारू की कहानियां कई संकलनों में छपी हैं और पेरिस रिव्यू, द स्टिंगिंग फ्लाई और डबलिन रिव्यू में प्रकाशित हुई हैं। उन्‍हें फिक्शन के लिए वर्ष 2022 का प्लिम्प्टन पुरस्कार मिल चुका है। यह पुरस्कार 30 साल से पेरिस रिव्यू द्वारा उभरते लेखकों को दिया जाता है।

पूर्णकालिक लेखिका बनने से पहले मारू ने एक एकाउंटेंट के रूप में काम किया था। वेस्टर्न लेन उनका पहला उपन्यास है। बुकर के अंतिम 13 लांगलिस्‍ट में चार महाद्वीपों की किताबें, चार आयरिश लेखक और चार नवोदित उपन्यासकारों की कृतियां शामिल हैं।

दस ऐसे लेखकों को भी पहली बार इस सूची में जगह बनाने में सफलता मिली है। इन 13 का चयन 163 किताबों में से किया गया है जो अक्टूबर 2022 से सितंबर 2023 के बीच प्रकाशित हुईं। लांगलिस्‍ट में से छह लेखकों की बुकर शॉर्टलिस्ट की घोषणा 21 सितंबर को लंदन में होगी।