मिसौरी के कोषाध्यक्ष बने हरियाणा में जन्मे विवेक मालेक, उम्मीदें हैं उनसे

भारत के हरियाणा राज्य में जन्मे भारतीय मूल के अटॉर्नी विवेक मालेक ने अमेरिका के मिसौरी राज्य के पहले गैर-श्वेत कोषाध्यक्ष के रूप में शपथ ली है। विवेक ने इस पद पर स्कॉट फिट्जपैट्रिक की जगह ली है। वह मूल रूप से हरियाणा के रोहतक जिले के हैं। वह साल 2002 में साउथ-ईस्ट मिसौरी स्टेट यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स करने गए थे।

मिसौरी के गर्वनर माइक पर्सन ने विवेक को कोषाध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि आज हमें विवेक के तौर पर राज्य का नया कोषाध्यक्ष मिल गया है। विवेक की कहानी मिसौरीवासियों की अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। विवेक मालेक ने कोषाध्यक्ष के लिए अवसर देने पर पर्सन को धन्यवाद दिया। विवेक मालेक के शपथ ग्रहण समारोह में काफी संख्या में भारतीय प्रवासियों ने हिस्सा लिया था। यह शपथ ग्रहण समारोह 18 जनवरी को किया गया था। कार्यक्रम में शिकागो के महावाणिज्य दूतावास से काउंसल जनरल भी शामिल हुए थे।