मसाज के बहाने करता था महिलाओं का यौन शोषण, भारतवंशी पर 112 आरोप तय
ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के एक पूर्व मसाज थेरपिस्ट को यौन उत्पीड़न के 100 से ज्यादा मामलों में आरोपित किया गया है। आरोपी सुमित सतीश रस्तोगी पहले मसाज थेरपिस्ट का काम किया करता था। इसी दौरान उसने महिलाओं का कथित रूप से शोषण किया था। उसके फोन में 700 से ज्यादा अश्लील तस्वीरें मिली हैं। जांचकर्ताओं का कहना है कि इनमें से लगभग 200 महिलाओं की पहचान हो सकती है।
खबरों के अनुसार 36 वर्षीय सुमित के ऊपर रेप के तीन आरोप, अश्लील हमले के 57 आरोप और अश्लील तस्वीरें खींचने के 52 आरोप लगाए गए हैं। एडिलेड की अदालत में सुमित के वकील की तरफ से दाखिल अर्जी में कहा गया है कि उनका मुवक्किल अपने ऊपर लगाए गए अश्लील तस्वीरें खींचने जैसे छोटे अपराधों की स्वीकार करता है। ये मामले अक्टूबर 2021 के बाद के हैं।
स्थानीय मीडिया रपटें बताती हैं कि सुमित साउथ ऑस्ट्रेलिया के ग्लेनेल्ग में 4एवर मसाज सेंटर में काम करता था। जुलाई 2022 में उसे रेप, अश्लील तस्वीरें खींचने और यौन हमला करके आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद कई महिलाओं ने सामने आकर दावा किया था कि उनके साथ भी सुमित ने ऐसा ही काम किया था। महिलाएं आती गईं और सुमित पर आरोप जुड़ते रहे। पहले अदालत ने सुमित और उसके मसाज सेंटर की पहचान उजागर करने पर रोक लगा रखी थी। बाद में मीडिया के अनुरोध पर मैजिस्ट्रेट ने यह रोक हटा ली। पहचान उजागर करने का न तो वादी और न ही प्रतिवादी ने विरोध किया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार सुमित के वकील ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमने अपनी अर्जी अदालत में दाखिल कर दी है। इसमें समरी आरोपों को स्वीकार किया गया है। किन आरोपों में गुनाह कबूला गया है, ये उस अर्जी में बता दिया गया है। अब सब कुछ अदालत के हाथ में है। सुमित की अदालत में अब जून में पेशी होगी।
खबरों में कहा गया है कि सुमित रस्तोगी की पहचान उजागर होने के बाद स्थानीय समुदाय में उसके प्रति खासी नाराजगी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि ऐसे शख्स को इतने लंबे समय तक इंडस्ट्री में काम करने की छूट कैसे दे दी गई। ऑस्ट्रेलिया में मसाज इंडस्ट्री पिछले कुछ वर्षों से सवालों के घेरे में है। उसके कर्मचारियों पर यौन दुर्व्यवहार और हमले के आरोप लगते रहे हैं। साउथ ऑस्ट्रेलिया के स्वास्थ्य मंत्री स्टीफन वेड का कहना है कि सरकार इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कदम उठा रही है।