Skip to content

समलैंगिकों के लिए लड़ने वाली भारतीय वकीलों को थॉमस जेफरसन मेडल

मेनका गुरुस्वामी और अरुंधति काटजू की जोड़ी भारत में LGBTQ समुदाय की नायक बन गई है। दोनों को 13 अप्रैल, 2023 को थॉमस जेफरसन के आधिकारिक निवास, मोंटिसेलो में वर्जीनिया विश्वविद्यालय और थॉमस जेफरसन फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

मेनका गुरुस्वामी और अरुंधति काटजू 

भारतीय वकील मेनका गुरुस्वामी और अरुंधति काटजू को वर्ष 2023 के लिए प्रतिष्ठित थॉमस जेफरसन फाउंडेशन मेडल देने की घोषणा की गई है। यह घोषणा भारत के सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष एक ऐतिहासिक मामला जीतने में उनके प्रयासों को मान्यता देती है जिसने भारतीय दंड संहिता की धारा 377 के तहत एक औपनिवेशिक कानून को खत्म करके समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया था। इस समय दोनों वैवाहिक समानता से जुड़े एक केस की पैरवी कर रही हैं जिसकी भारत की शिखर अदालत में सुनवाई लंबित है।

वकीलों की यह जोड़ी भारत में LGBTQ समुदाय की नायक बन गई है। दोनों को 13 अप्रैल, 2023 को थॉमस जेफरसन के आधिकारिक निवास, मोंटिसेलो में वर्जीनिया विश्वविद्यालय और थॉमस जेफरसन फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह पदक अमेरिका के तीसरे राष्ट्रपति और वर्जीनिया यूनिवर्सिटी के संस्थापक थॉमस जेफरसन की वर्षगांठ पर उनकी याद में दिया जाता है।

गुरुस्वामी और काटजू को टाइम पत्रिका की 2019 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया गया था। वकीलों को मिलने वाले इस मेडल पर टिप्पणी करते हुए यूनिवर्सिटी ऑफ वर्जीनिया स्कूल ऑफ लॉ की डीन रीसा गोलूबॉफ ने कहा कि मेनका और अरुंधति ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में समानता और LGBT अधिकारों को आगे बढ़ाने के लिए अथक प्रयास किया है।

वरिष्ठ अधिवक्ता और ऑक्सफोर्ड की पूर्व छात्र गुरुस्वामी बी.आर. अंबेडकर रिसर्च स्कॉलर रही हैं और उन्होंने 2017-19 तक कोलंबिया लॉ स्कूल में अध्यापन का काम किया है। हार्वर्ड स्नातक को विदेश नीति के 100 वैश्विक चिंतकों में भी जगह मिली और 2019 में हार्वर्ड लॉ स्कूल ने भी उन्हें परिवर्तनकारी महिला के रूप में सम्मानित किया।

वकील काटजू ने नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया और कोलंबिया लॉ स्कूल से डिग्री हासिल की है, जहां वह मानवाधिकार फेलो थीं और इंटरनेशनल हाउस में महिला इंटरनेशनल लीडरशिप प्रोग्राम फेलोशिप की प्राप्तकर्ता थीं। काटजू की प्रोफ़ाइल के अनुसार उन्हें कोलंबिया लॉ स्कूल के हरमन एन. फिंकेलस्टीन मेमोरियल फेलोशिप भी मिली है।

Comments

Latest