ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में रहने वाले एक भारतीय मूल का परिवार बीते दिनों भारत में एक हादसे का शिकार हो गया था। इस दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई थी और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। छोटी सी उम्र में अनाथ हुए दोनों बच्चों की मदद के लिए भारतीय-ऑस्ट्रेलिया समुदाय ने हाथ बढ़ाया है और दो लाख डॉलर (करीब डेढ़ करोड़ रुपये) जुटाए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में रहने वाला भारतीय मूल के पति-पत्नी अपने दो बच्चों के साथ तेलंगाना आए हुए थे और यहां से आंध्र प्रदेश में अपने गांव जा रहे थे। लेकिन, एक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह दर्दनाक घटना होने के बाद से उनका पूरा परिवार सदमे में है।
जानकारी के अनुसार यह परिवार मंगलवार की रात को शमशाबाद में राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ऑस्ट्रेलिया से आया था। इन्होंने रेड्डीगुडेम के लिए एक टैक्सी की। रास्ते में उनकी कार एक पुलिया की दीवार से जा टकराई। हादसे में हेमान बरादर (40) और उनकी पत्नी रजिथा (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
उनका परिवार आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के रेड्डीगुडेम गांव का रहने वाला है। बता दें कि हेमाम और रजिथा ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में एक सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कंपनी में काम करते थे। दोनों रजिथा के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने भारत आए थे। पुलिस ने शक जताया था कि कार के ड्राइवर को नींद आ गई होगी और वह गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा होगा।
इस भीषण हादसे के बाद कम उम्र में ही अनाथ हुए दोनों बच्चों की मदद के लिए ऑस्ट्रेलिया में उनके मित्रों और परिजनों ने क्राउड-फंडिंग के जरिए पैसा जुटाने की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत अब तक दो लाख डॉलर जुटाए जा चुके हैं। इस राशि के माध्यम से एडिलेड में लोकप्रिय सामुदायिक नेता रहे हेमाम और रजिथा के दोनों बच्चों की आर्थिक सहायता की जाएगी।