बना दी दुबई के शहजादे की आदमकद मोम-मूर्ति, किसने गुजारिश की थी!

दुबई में रहने वाले भारत स्थित बेंगलुरु के मूल निवासी एक कलाकार ने दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की मोम की प्रतिमा बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया है। 34 वर्षीय जाकिर हुसैन खान ने 120 किलोग्राम मोम से दुबई के शहजादे की हस्त-निर्मित प्रतिमा तैयार की।

जाकिर हुसैन इस समय अपने परिवार के साथ दुबई में रहते हैं। 5 फुट 8 इंच ऊंची प्रतिमा को हाथ से बनाने में उन्हें 38 दिनों का समय लगा। वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ इंडिया ने इतने कम समय में इतनी बड़ी हस्त-निर्मित मोम की मूर्ति बनाने का उनका रिकॉर्ड दर्ज किया है। यह भी गौर करने वाली बात है कि जाकिर ने मूर्ति को तराशने के लिए एक ही चाकू का इस्तेमाल किया।