बाइडेन की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले वर्गीज ने क्यों छोड़ दिया पद?

शानदार जीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने चुनाव अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक माजू वर्गीज को अपना उप सहायक और वॉइट हाउस सैन्य कार्यालय (डब्ल्यूएचएमओ) का निदेशक नियुक्त किया था। लेकिन अचानक ये खबर आई कि उन्होंने अपना पद छोड़ दिया है। खुद माजू वर्गीज ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

यह खबर शनिवार को आने के बाद तमाम तरह के सवाल उठने लगे। हालांकि माजू वर्गीज इसके पीछे निजी वजह बता रहे हैं। फिलहाल उन्होंने अपने अगले कदम के बारे में कुछ नहीं बताया है। बता दें कि वर्गीज का जन्म अमेरिका में ही हुआ है और उनके माता-पिता भारत के केरल राज्य से यहां आकर बस गए थे। उन्होंने मैसाचुसेट्स विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र एवं अर्थशास्त्र विषय में स्नातक किया है।