शादी से ऐन पहले फोटोग्राफर ने रखी अजीब शर्तें, न्यूजर्सी के डॉक्टर ने कर दिया केस

शादी एक ऐसा मौका होता है, जिसकी यादों को हर कोई सहेजकर रखना चाहता है। यही वजह है कि आजकल शादियों में लोग महंगे फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर को मोटी रकम देकर हायर करते हैं। लेकिन क्या हो कि ऐन मौके पर फोटोग्राफर धोखा दे जाए। कुछ ऐसा ही हुआ अमेरिका के न्यूजर्सी में रहने वाले भारतीय-अमेरिकी डॉक्टर अमित पटेल के साथ जिन्होंने तुर्की में अपनी बेटी की आलीशान शादी की तैयारियां की थीं। अब पटेल ने फोटोग्राफर के खिलाफ कोर्ट में केस दायर करके 76 हजार डॉलर की रकम वापस मांगी है।

ये फोटोग्राफर भी कोई आम फोटोग्राफर नहीं है। ये न्यूयॉर्क के मशहूर क्लेन गेसेल स्टूडियो को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का कॉन्ट्रैक्ट दिया। शादी मई 2022 में तुर्की में होनी थी। अमित पटेल ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि मेरे परिवार में लंबे समय के बाद कोई शादी हो रही थी। इसे लेकर हम सभी उत्साहित थे। एक साल पहले से प्लानिंग चल रही थी। तुर्की में 20 मेहमानों के साथ चार दिन के इवेंट पर लाखों डॉलर खर्च होने थे। दुल्हन के लिए 13 शानदार ड्रेस तैयार की गई थीं। बीच पर शो रखा गया था। तुर्की के लोकल बाजार की थीम पर पारंपरिक नाच-गाने के कार्यक्रम थे।