फैशन डिजाइनर नईम खान को 2023 का नेशनल डिजाइन अवार्ड

भारतीय-अमेरिकी फैशन डिजाइनर नईम खान को वर्ष 2023 के नेशनल डिजाइन अवार्ड फॉर फैशन देने की घोषणा की गई है। न्यूयॉर्क स्थित कूपर हेविट, स्मिथसोनियन डिजाइन संग्रहालय ने पिछले सप्ताह यह ऐलान किया है।

खान को उनके परिधान, सहायक उपकरण, आभूषण, जूते और वस्त्रों के दूरदर्शी डिजाइन के लिए फैशन पुरस्कार मिला है। व्हाइट हाउस मिलेनियम काउंसिल की एक परियोजना के रूप में 2000 में स्थापित वार्षिक पुरस्कार नवाचार और प्रभाव का सम्मान करते हैं और दुनिया को बदलने के लिए डिजाइन की शक्ति को पहचानते हैं। ये पुरस्कार उन तरीकों को राष्ट्रीय मान्यता दिलाते हैं जिनमें डिजाइन रोजमर्रा की जिंदगी को समृद्ध बनाता है।

मुंबई में जन्मे खान की परवरिश संस्कृति, वास्तुकला, कला, इतिहास और डिजाइन की दुनिया में ही हुई। नईम खान की वेबसाइट के अनुसार एक बच्चे के रूप में उन्होंने अपने दादा और पिता की निगरानी में वस्त्रों का व्यापक ज्ञान विकसित किया। नईम के दादा और पिता ने भारतीय शाही परिवारों द्वारा पहने जाने वाले परिधान डिजाइन किए हैं। नईम एक किशोर के रूप में अमेरिका चले आए और 20 साल की उम्र में प्रसिद्ध अमेरिकी डिजाइनर हैल्स्टन के लिए प्रशिक्षु के रूप में अपना करियर शुरू किया।

उन्होंने 2003 में अपने नाम से संग्रह लॉन्च किया। तब से ही उनके कलेक्शंस ने ग्लैमर संसार की अनेक महिलाओं को सुशोभित किया है। इनमें बेयोंसे, जेनिफर लोपेज, टेलर स्विफ्ट, राशेल मैकएडम्स, प्रथम महिला मिशेल ओबामा, जॉर्डन की रानी नूर और डचेस ऑफ कैम्ब्रिज, केट मिडलटन शामिल हैं।

उन्होंने 2013 में नईम खान ब्राइडल कलेक्शन लॉन्च किया। उन्हें 2008 में अमेरिका के प्रतिष्ठित काउंसिल ऑफ फैशन डिजाइनर्स के सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। आज नईम खान रेडी-टू-वियर और ब्राइडल कलेक्शन दुनिया भर में 150 से अधिक खुदरा दुकानों पर बेचे जाते हैं।