संयुक्त राज्य अमेरिका में कांग्रेस ने संघीय न्यूनतम वेतन (फेडरल मिनिमम वेज) साल 2009 में आखिरी बार बढ़ाया था। अब लगभग 13 साल हो चुके हैं। वर्ष 2020 में आई कोरोना महामारी के आने से भी आम अमेरिकियों की जेब पर महंगाई की चलते आर्थिक बोझ बढ़ा है। इस बीच भारतीय अमेरिकी कांग्रेसमेन प्रमीला जयपाल ने संघीय न्यूनतम वेतन बढ़ाने की वकालत की है।
वैसे तो प्रमिला जयपाल कई मामलों को लेकर एक्टिव हैं। सोशल मीडिया पर उनका हर छोटे बड़े मसलों को लेकर कमेंट होता है। ऐसे ही उन्होंने न्यूनतम वेतन बढ़ाने को लेकर अपना बयान दिया है। सोशल मीडिया वेबसाइट ट्विटर पर उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है कि न्यूनतम वेतन को कम से कम 15 डॉलर प्रति घंटा बढ़ाया जाए। अगर आप इस बात से सहमत हैं तो मेरे इस ट्वीट को आरटी यानी रीट्वीट करें।
It’s time to raise the minimum wage to at least $15/hour. RT if you agree!
— Pramila Jayapal (@PramilaJayapal) April 20, 2022
बता दें कि बीते दिनों ऑक्सफैम द्वारा जारी शोध के अनुसार अमेरिका में लगभग 32 फीसदी श्रमिक 15 डॉलर प्रति घंटे से भी कम कमाते हैं। लगभग 5.2 करोड़ लोग 31,200 डॉलर प्रति वर्ष या टैक्स देने के बाद 2,600 डॉलर प्रति माह से कम कमा पा रहे हैं। जो मौजूदा महंगाई दर के लिहाज से काफी कम है और न ही व्यवहारिक है।
ऑक्सफैम (वैश्विक गरीबी के उन्मूलन पर ध्यान केंद्रित करने वाला परिसंघ) ने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा था कि कांग्रेस को वेतन वृद्धि अधिनियम को पारित करना होगा जो धीरे धीरे 2025 तक मजदूरी को 7.25 प्रति घंटे से बढ़ाकर 15 डॉलर प्रति घंटा कर दे। दरअसल मौजूदा वक्त में अमेरिका में संघीय न्यूनतम वेतन 7.25 डॉलर प्रति घंटा है। लगभग 40 वर्षों में अमेरिका में महंगाई दर उच्चतम स्तर पर है। ऐसे में कहा जा रहा है कि साल 2022 अमेरिकियों के लिए एक अधिक महंगा वर्ष होने वाला है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि कैलिफोर्निया राज्य में सबसे अधिक न्यूनतम वेतन है जो 15 डॉलर प्रति घंटा है। यह साल 2021 की तुलना में 1 डॉलर प्रति घंटा बढ़ा है। हालांकि कैलिफोर्निया में 15 डॉलर प्रति घंटा उन्हीं कंपनियों को देना है जिनके पास 26 या उससे अधिक कर्मचारी हैं। वरना 26 से कम कर्मचारियों वाले नियोक्ताओं के लिए राज्य का न्यूनतम वेतन 14 डॉलर प्रति घंटा है। इसके अलावा न्यूयॉर्क के तीन काउंटियों वेस्टचेस्टर, सफोक और नासाउ में 1 जनवरी से 15 डॉलर प्रति घंटा न्यूनतम वेतन प्रभावी हुआ है। न्यूयॉर्क शहर में सभी कामगारों के लिए 15 डॉलर का न्यूनतम वेतन दो साल पहले लागू हुआ था। न्यूयॉर्क में शेष काउंटियों में श्रमिकों को कम से कम 13.20 प्रति घंटा भुगतान करना अनिवार्य है।