भारत और दक्षिण कोरिया ने आपसी व्यापार को बढ़ाने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने 2030 से पहले इसे 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य को दोहराया है। इस संबंध में भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और दक्षिण कोरिया के वाणिज्य मंत्री येओ हान- कू के बीच नई दिल्ली में बैठक हुई। दक्षिण कोरिया के वाणिज्य मंत्री भारतीय मंत्री गोयल के निमंत्रण पर बातचीत के लिए भारत आए थे।
बताया गया है कि दोनों मंत्रियों के बीच व्यापक बातचीत हुई। इसमें व्यापार और निवेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। हाल में हुई इस बातचीत में दोनों मंत्रियों ने भारत और कोरिया के व्यापार जगत के लोगों के निवेश पर संवाद को प्रोत्साहित करने पर भी सहमति जताई है। बता दें कि दोनों देशों ने जनवरी, 2010 में वृहद आर्थिक भागीदारी करार (CEPA) का क्रियान्वयन किया था। सीईपीए को लेकर दोनों देशों के उद्योग जगत द्वारा कुछ कठिनाइयां जताई गई हैं। इस मुद्दे पर दोनों मंत्रियों ने उसका समाधान खुले मन से चर्चा के जरिए करने पर सहमति जताई है।