हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए बने संगठन क्वाड (QUAD) की आलोचना करने के लिए भारत ने गुरुवार को रणनीतिक रूप से चीन को निशाने पर लिया। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि चार देशों के इस संगठन का विरोध संभवत: एक तरफा कोशिश है जिसका उद्देश्य अन्य देशों की इच्छाओं को नियंत्रित करना है। बता दें कि भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा पर लगभग दो साल से तनाव की स्थिति बनी है।

जयशंकर ने यह भी कहा कि चीन ने सीमा पर जो किया है, उसके बाद भारत के साथ उसके संबंध बहुत कठिन दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगर भारत और चीन अपने विवादों को हल करके हाथ नहीं मिलाते हैं तो 'एशियाई शताब्दी' आने की संभावना बहुत कम हो जाएगी। जयशंकर ने कहा कि ऐसा तभी हो पाएगा जब चीन और भारत साथ आएंगे। लेकिन अगर ऐसा नहीं होता तो यह काफी मुश्किल होगा।