शुभ समाचार: दुबई में FDI के लिए भारत प्रमुख स्रोत देश के रूप में उभरा
संयुक्त अरब अमीरात के सात अमीरातों में से एक दुबई में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के लिए भारत एक प्रमुख स्रोत देश के रूप में उभरा है। सोमवार को जारी एक रिपोर्ट से इस बात का खुलासा हुआ है।
यूके के फाइनेंशियल टाइम्स लिमिटेड की एक सेवा 'एफडीआई मार्केट्स' द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार घोषित FDI परियोजनाओं और अनुमानित FDI पूंजी के लिए भारत शीर्ष पांच स्रोत देशों में शामिल है।
ग्रीनफील्ड परियोजनाओं के 77.5 प्रतिशत के साथ वर्ष 2022 में भारत से दुबई में FDI परियोजनाओं के शीर्ष क्षेत्र सॉफ्टवेयर और आईटी सेवाएं (32 प्रतिशत), व्यावसायिक सेवाएं (19 प्रतिशत), उपभोक्ता उत्पाद (9 प्रतिशत), रियल एस्टेट ( 6 प्रतिशत), और वित्तीय सेवाएं (5 प्रतिशत) रहे। इस बीच वर्ष 2022 में भारत से दुबई में FDI पूंजी द्वारा शीर्ष क्षेत्र उपभोक्ता उत्पाद (28 प्रतिशत), सॉफ्टवेयर और आईटी सेवाएं (20 प्रतिशत), संचार (19 प्रतिशत), फार्मास्यूटिकल्स (8 प्रतिशत) और व्यावसायिक सेवाएं (8 प्रतिशत) थीं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत से FDI के लिए एक गंतव्य शहर के रूप में अपनी पहली रैंक बनाए रखने के अलावा दुबई ने 2022 में ग्रीनफील्ड FDI परियोजनाओं को आकर्षित करने के लिए विश्व स्तर पर अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। इससे दुनिया के शीर्ष FDI केंद्र के रूप में दुबई की स्थिति मजबूत हुई।
वर्ष 2022 के आंकड़ों से पता चला है कि दुबई ने प्रमुख FDI आकर्षण के मामले में अपने नेतृत्व की स्थिति को बनाए रखा है और इसमें सुधार जारी है। इसीलिए अमीरात पर्यटन, व्यापार, वित्त, परिवहन और भंडारण, उपभोक्ता उत्पादों और सॉफ्टवेयर तथा आईटी सेवा क्षेत्रों में FDI परियोजनाओं को आकर्षित करने में पहले स्थान पर है।
दुबई के आर्थिक और पर्यटन विभाग के महानिदेशक हेलाल सईद अलमर्री ने कहा कि दुबई की अग्रणी वैश्विक FDI रैंकिंग शहर के व्यापार और निवेश के माहौल को और मजबूत करने के लिए शुरू किये गये प्रयासों की व्यापक रूपरेखा को रेखांकित करती है।
#ForeignDirectInvestmentFDI #IndiaDubai #IndianDiaspora #Diaspora #Indian #NewIndiaAbroad #IndiaAbroad