जब हॉलीवुड स्टार विन डीजल ने दिया गीता का उपदेश, वीडियो वायरल
विन डीजल, हॉलीवुड के नामी स्टार हैं। फास्ट एंड फ्यूरियस जैसी तमाम फिल्मों का जिक्र आते ही उनका चेहरा जेहन में उभरने लगता है। हाल ही में सोशल मीडिया में विन डीजल का एक वीडियो खूब वायरल हुआ, जिसमें वह श्रीमद्भागत गीता का उपदेश देते नजर आ रहे हैं।
Hollywood Actor Vin Diesel quotes from the Bhagavad Gita in his new film - Billy Lynn's Long Halftime Walk, clip goes viral pic.twitter.com/czomVrBNT0
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) December 18, 2023
इस वीडियो में विन डीजल एक फिल्म के सीन में 19 वर्षीय जो एल्विन को गीता के उपदेश के जरिए समझाते दिख रहे हैं। वह कहते हैं- व्यक्ति को हर कर्म, चाहे वो कुछ भी हो, हमेशा वैराग्य के साथ करना चाहिए। अपने सभी कर्म ऐसे करो, जैसे मुझे (भगवान को) समर्पित कर रहे हो। विन डीजल कहते हैं कि ये बात भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत के युद्ध में अर्जुन से कही थी, जो बिल्कुल तुम्हारी तरह युद्ध लड़ने से हिचक रहा था।
दरअसल यह फिल्म बिली लिन्स लॉन्ग हेलटाइम वॉक का एक सीन है। यह फिल्म 2016 में आई थी। इसमें एल्विन ने 19 साल के यूएस आर्मी स्पेशलिस्ट बिली लिन की भूमिका निभाई है। बिली लिन ब्रावो स्क्वॉड का मेंबर होता है, जो अपनी यूनिट के साथ इराक में भीषण जंग लड़ता है और हीरो बन जाता है।
डायरेक्टर आंग ली की यह अवॉर्ड विनिंग फिल्म 2012 में इसी नाम से आई नॉवेल पर आधारित है। इसमें विन डीजल के अलावा क्रिस्टन स्टीवर्ट, स्टीव मार्टिन, जो एल्विन और क्रिस टकर जैसे सितारों ने अदाकारी की थी। फिल्म में जंग के बीच एल्विन जब विन डीजल से कृष्ण के बारे में पूछता है तो वह उन्हें सबसे बड़े देवता विष्णु का अवतार बताते हैं और उनका उपदेश सुनाते हैं।
विन डीजल द्वारा गीता का उपदेश सुनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग इसे लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।