श्रीलंका में मौजूद भारतीय नागरिकों को उच्चायोग की सलाह, साझा करें जानकारी

अपने इतिहास का सबसे गंभीर आर्थिक और राजनीतिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका में मौजूद भारतीय उच्चायोग ने देश में मौजूद भारतीय नागरिकों से मिशन के साथ अपनी जानकारियां दर्ज कराने के लिए कहा है। गुरुवार को जारी इस सलाह को जारी करने के कुछ समय बाद उच्चायोग ने कहा कि यह प्रक्रिया श्रीलंका में रहे भारतीयों की संख्या पर अपने डाटाबेस के नियमित अपडेट का हिस्सा थी।

बता दें कि श्रीलंका में बढ़ती महंगाई और बिजली को लेकर पिछले महीने से ही लगातार विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। साल 1948 में ब्रिटेन की गुलामी से आजादी मिलने के बाद से पहली बार श्रीलंका इस तरह के आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।

कोलंबो में स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक ट्वीट में कहा कि द्वीपीय देश में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों से मिशन की वेबसाइट पर अपनी विस्तृत जानकारी के साथ पंजीकरण कराने का अनुरोध किया जाता है। इसके बाद एक अन्य ट्वीट में दूतावास ने सफाई देते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया इस देश में रह रहे भारतीय नागरिकों की संख्या पर अपने डाटाबेस के नियमित अपडेट का हिस्सा भर थी।

इसके बाद भारतीय उच्चायोग ने एक और ट्वीट में स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि कृपया ध्यान दें कि यह कोई नया लिंक नहीं है। हम श्रीलंका में रह रहे भारतीय नागरिकों को समय-समय पर लिंक के बारे में सूचित करके उनकी संख्या के बारे में डाटाबेस को अपडेट रखने की कोशिश करते हैं। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस पूरे घटनाक्रम को एक नियमित प्रक्रिया करार दिया।