दक्षिण-पूर्व एशिया के वो खास ठिकाने, जहां घूम आए तो कभी भूल नहीं पाएंगे

संस्कृति और इतिहास के लिहाज से दक्षिण-पूर्व एशिया काफी संपन्न है। इस क्षेत्र में कई लोकप्रिय पर्यटन स्थल हैं। शांत द्वीपों से लेकर प्राचीन मंदिरों तक ऐसे बहुत से ठिकाने हैं जो अनदेखे और अद्वितीय हैं। ये अविस्मरणीय यात्रा अनुभव कराते हैं। यहां हम दक्षिण पूर्व एशिया में म्यांमार से कंबोडिया तक कुछ ऐसे ठिकानों के बारे में बता रहे हैं, जहां से लौट आने के बाद भी वहां के दृश्य आपकी यादों में बसे रहेंगे।

म्यांमार के बगान में काफी संख्या में बौद्ध मंदिर और पगोडा हैं। Photo by Ye Linn Wai / Unsplash

म्यांमार में बगान : मध्य म्यांमार के प्राचीन शहर बगान में 2,000 से अधिक बौद्ध मंदिर और पगोडा हैं। इतिहास और वास्तुकला में रुचि रखने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए यह एक शानदार ठिकाना है। सैलानी साइकिल या घोड़े वाली गाड़ी से मंदिरों तक जा सकते हैं। प्राचीन खंडहरों में बसों से घूम सकते हैं।

कंबोडिया में केप : केप दक्षिणी कंबोडिया में एक समुद्र तटीय शहर है। यह अपने ताजा सी फूड और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यह शहर एक समय फ्रांसीसी उपनिवेशवादियों के लिए लोकप्रिय रिजॉर्ट गंतव्य था। यहां कई पुराने विला और भवन अब भी हैं। केप नेशनल पार्क यहां का बहुत ही शानदार जगह है।

लाओस में लुआंग प्रबांग। Photo by Swapnil kulkarni / Unsplash

लाओस में लुआंग प्रबांग : उत्तरी लाओस का यह आकर्षक शहर यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल है। यह समृद्ध इतिहास और फ्रांसीसी औपनिवेशिक और पारंपरिक लाओ वास्तुकला का अनूठा संगम है। यहां आप कई मंदिरों और संग्रहालयों को देख सकते हैं। कुकिंग क्लास ले सकते हैं, पास के पहाड़ों में ट्रेकिंग के लिए जा सकते हैं।

थाईलैंड में पाई : उत्तरी थाईलैंड के पहाड़ों में स्थित पाई एक छोटा शहर है जो बैकपैकर्स और हिप्पी के लिए लोकप्रिय हो चुका है। शहर में बहुत सारे कैफे, बार और गेस्टहाउस हैं। गर्म झरने और गुफाएं आपको अच्छी लगेंगी। यहां पर्यटक योग क्लास ले सकते हैं और थाई मालिश करा सकते हैं।

इंडोनेशिया में टोबा झील। Photo by supardi sinaga / Unsplash

इंडोनेशिया में टोबा झील : टोबा झील विश्व की सबसे बड़ी ज्वालामुखीय झील है। यह सुमात्रा के उत्तरी भाग में है। झील आश्चर्यजनक पहाड़ी दृश्यों से घिरी हुई है, ट्रेकिंग और लंबी पैदल यात्रा कर सकते हैं। स्थानीय संस्कृति के बारे में भी जान सकते हैं।

इंडोनेशिया में नुसा पेनिडा : बाली में आपको छोटी नौकाएं मिल जाती हैं, जिनसे आप नुसा पेनिडा जा सकते हैं। यह एकांत द्वीप है। पर्यटक इसे द्वीपों का स्वर्ग कहते हैं। इस द्वीप पर कई हिंदू मंदिर हैं, जो दर्शनीय स्थल है।