Skip to content

हर्ष कुमार जैन बने यूक्रेन में भारत के राजदूत, पार्थ सतपथी की ली जगह

हर्ष कुमार जैन राजस्थान के बूंदी जिले के लीलेड़ा गांव के रहने वाले हैं। इससे पहले जैन कजाकिस्तान और स्लोवाकिया गणराज्य में भारतीय राजदूत के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री ली। 1993 में उनका चयन भारतीय विदेश सेवा में हुआ था।

राजनयिक हर्ष कुमार जैन को यूक्रेन में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने यह जानकारी साझा की है। दूतावास के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर बताया गया कि जैन मंगलवार को नए राजदूत के रूप में अपना कार्यभार संभालने वारसॉ पहुंचे। यहां पर उप राजदूत अंबरीश वेमुरी ने हर्ष कुमार जैन का स्वागत किया था।

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच भारतीय दूतावास का संचालन फिलहाल पोलैंड की राजधानी वारसॉ में स्थित भारत के दूतावास से किया जा रहा है। जैन से पहले यूक्रेन में यह पद पार्थ सतपथी संभाल रहे थे। यूक्रेन पर हमले की शुरुआत के बाद वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने में भारतीय दूतावास ने अहम भूमिका निभाई थी।

इससे पहले जैन कजाकिस्तान और स्लोवाकिया गणराज्य में भारतीय राजदूत के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा कई देशों में स्थित भारतीय दूतावासों में विभिन्न पदों पर भी वह काम कर चुके हैं। साल 2012-23 में वह अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के तहत सूचना एवं दूरसंचार के क्षेत्र में विकास पर संयुक्त राष्ट्र के सरकारी विशेषज्ञों के सदस्य भी रहे थे।

हर्ष कुमार जैन राजस्थान के बूंदी जिले के लीलेड़ा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल से पूरी की थी। कोटा के गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और आईआईटी दिल्ली से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री ली। 1993 में उनका चयन भारतीय विदेश सेवा में हुआ था।

Comments

Latest