भारत के राज्य उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि में बन रहे मंदिर के दर्शन करने की राह देख रहे भक्तों के लिए अच्छी खबर है। मंदिर के निर्माण कार्य का तीसरा चरण शुरू हो गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य चंपत राय ने इस बात की जानकारी दी है। उनके मुताबिक श्रीराम जन्मभूमि पर राफ़्ट (RAFT ) के ऊपर ग्रेनाइट पत्थर के ब्लॉक रखकर मन्दिर की कुर्सी अर्थात फर्श (Plinth) का कार्य शुरू कर दिया गया है। पूरे विधि विधान के साथ पहले पूजा अर्चना की गई और उसके बाद इस काम का शुभारंभ हुआ।

श्री राम मंदिर निर्माण का काम तेजी से चल रहा है और साल 2023 के अंत तक भक्तों को दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हो सकता है। इसके अलावा मंदिर के पूरे परिसर का निर्माण कार्य 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि पिछले दिनों राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए मंदिर निर्माण देखने के लिए भी व्यवस्था की गई है। इस वक्त रामलला जहां विराजमान हैं, उसके अस्थाई मार्ग पर यह व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु निर्माण कार्य देखने के लिए यहां पहुंचते हैं।