गलती से खाते में आए 1.2 करोड़ भारतीय ने नहीं लौटाए, कोर्ट ने दिया देशनिकाला

दुबई की एक अदालत ने भारतीय व्यक्ति को बैंकिग फ्राॅड करने के जुर्म में एक महीने जेल की सजा सुनाई है। साथ ही भारतीय को निर्वासित करने का भी आदेश दिया है। अदालत में बताया गया था कि अक्टूबर में भारतीय व्यक्ति के बैंक खाते में गलती से 5,70,000 दिरहम यानी लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपये आ गए थे जिसे उसने वापस नहीं किया।

स्थानीय समाचार पत्र की मानें तो दुबई क्रिमिनल कोर्ट ने इस शख्स पर इतनी ही राशि का जुर्माना भी लगाया है। आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। भारतीय ने अपने बचाव में कहा था कि उसके पास पैमेंट ट्रांसफर का नोटिफिकेशन आया था लेकिन उससे यह पता नहीं चला कि यह पैसा कहां से आया है।