जर्मनी में आने वाली है नौकरियों की बहार, 20 लाख खाली पदों से पस्त हो रहा है देश
जर्मनी में नई नौकरियों की बहार आने वाली है। देश में सर्वे करने के बाद एक प्रमुख संगठन का दावा है कि कर्मचारियों की कमी से उद्योग जगत बुरी तरह पस्त हो चुका है। देश में लगभग 20 लाख पद खाली पड़े हैं और उन्हें भरने के लिए सक्षम कर्मचारी नहीं मिल रहे हैं। जर्मन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (DIHK) के प्रेसिडेंट अचिन डेर्क्स ने दावा किया कि इन खाली पदों की वजह से कंपनियों को लगभग 100 अरब यूरो का संभावित नुकसान हो चुका है।
संगठन ने जर्मनी की लगभग 22 हजार कंपनियों पर सर्वे करके अपनी रिपोर्ट दी है। इसमें कहा गया है कि आधी से ज्यादा कंपनियों को कर्मचारियों की भर्ती में समस्याएं आ रही हैं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। दरअसल जर्मनी में ये समस्या नई नहीं है। वहां की बूढ़ी होती आबादी और सरकारी नीतियों के चलते इंडस्ट्री, हॉस्पिटेलिटी, हेल्थ और कंस्ट्रक्शन जैसे सेक्टरों में कर्मचारियों की भारी कमी हो गई है। पिछले कुछ वर्षों में कोरोना की वजह से इस समस्या ने और भी गंभीर रूप ले लिया है।