कभी 500 रुपये भी नहीं थे, अब 500 करोड़ पंजाब में निवेश करेगा ये भारतवंशी
एक जमाना था जब भगवंत सिंह को 500 रुपये खर्च करने को लेकर भी सोचना पड़ता था, अब अपने गृह राज्य पंजाब में वह 500 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहे हैं। ओमान बेस्ड बिजनेसमैन भगवंत मान ने इस सिलसिले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी मुलाकात की है।
भगवंत सिंह मूल रूप से पंजाब के खन्ना जिले के रहे हैं। इन दिनों वह ओमान से अपना बिजनेस चलाते हैं। उनकी कंपनी का बिजनेस पश्चिमी एशिया, अफ्रीका और अमेरिका तक फैला हुआ है। अब वह पंजाब के मोहाली में फ्रूट मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट लगाना चाहते हैं।
भगवंत सिंह ने मीडिया से कहा कि मैंने जिंदगी में काफी कुछ कमाया है। अब मैं अपने पैसे का इस्तेमाल अपने राज्य और उसके लोगों की भलाई के लिए करना चाहता हूं। भगवंत सिंह ने पंजाब में निवेश के बारे में अपना प्रस्ताव राज्य सरकार को दे दिया है और विभिन्न मंजूरियों का इंतजार कर रहे हैं।
भगवंत सिंह की कंपनी, सिंह एंड कंपनी पंजाब में फलों का व्यापार शुरू करना चाहती है। उनकी योजना मालवा और होशियारपुर से फलों को लाकर उनका व्यापार करने की है। वह चाहते हैं कि इसका फायदा पंजाब सरकार और वहां के निवासियों को भी हो।
भगवंत सिंह ने बताया कि वह मोहाली में चार एकड़ में अपना प्लांट लगाना चाहते हैं। इस पर शुरुआती 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके विस्तार के साथ वह कुल 500 करोड़ रुपये का निवेश करना चाहते हैं।