अल्ताफ बोले- पाक में हिंदुओं का जबरन धर्मांतरण कराने वाले इंसानियत के दुश्मन

मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के संस्थापक और ब्रिटिश-पाकिस्तानी नेता अल्ताफ हुसैन ने पाकिस्तान में हिंदुओं के जबरन धर्मांतरण की निंदा की है। उन्होंने ऐसा करने वाले लोगों को इंसानियत का दुश्मन बताया है। अल्ताफ हुसैन ने पाक के सिंध प्रांत का एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें पाक सेना का अधिकारी एक हिंदू लड़के को प्रताड़ित करके धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रहा है।

हुसैन ने कहा, "पाकिस्तानी सेना लगातार सभी कब्जे वाले क्षेत्रों में हिंदुओं का नरसंहार कर रही है। ऐसा लगातार हो रहा है। खासकर पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र में गैर-मुसलमानों को अपना धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है।" हुसैन ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें अब्दुल सलाम नाम का एक पाकिस्तानी सेना का अधिकारी थार जिले के एक हिंदू लड़के को धमकाता, गाली-गलौज करता नजर आ रहा है। साथ ही वह उस लड़के से अल्लाह हू अकबर बोलने के लिए मजबूर कर रहा है और हिंदू देवताओं गालियां दिलवा रहा है।