Skip to content

न्यू जर्सी में इस बार भी दशहरे की रहेगी धूम, IAF की क्या है तैयारी?

अमेरिका में इस साल दशहरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इंडो अमेरिकन फेस्टिवल इंक (आईएएफ) की तरफ से 21 अक्टूबर को सालाना दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। रामलीला, रावण दहन के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इंडो अमेरिकन फेस्टिवल इंक (IAF) 21 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव आयोजित करेगा। फोटो : IAF

भारत में तो उत्सवों की धूम रहती है। इसके साथ ही अमेरिका सहित दुनिया के तमाम देशों में भी इन उत्सवों का चलन बढ़ता जा रहा है। बड़ी तादाद में लोग इनमें शामिल होते हैं। इसी कड़ी में इंडो अमेरिकन फेस्टिवल आईएनसी (IAF) 21 अक्टूबर को 25वां सालाना दशहरा महोत्सव आयोजित करने जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि एडिसन, न्यू जर्सी के लेक पापियान्नी पार्क में मेला दिन में 1 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। आयोजकों के अनुसार अगर इस दिन बारिश हुई तो यह आयोजन 28 अक्टूबर को किया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कृष्ण सिंघल द्वारा निर्मित रावण के 25 फुट ऊंचे पुतले का दहन होगा।

इस समारोह की तमाम तैयारियों के लिए पिछले रविवार को ईस्ट ब्रंसविक, न्यू जर्सी में एक मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें 40 से अधिक सदस्यों, समर्थक और सामुदायिक नेताओं ने भाग लिया। आईएएफ की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव एक सांस्कृतिक आयोजन है जो बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाता है। यह भारतीय-अमेरिकी समुदाय में सबसे प्रतीक्षित कार्यक्रमों में से एक है।

आयोजकों की ओर से मीडिया को दी गई जानकारी के अनुसार दशहरा महोत्सव में वर्षा नाइक समूह की तरफ से एक रामलीला का मंचन किया जाएगा। प्रतिभा की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कृष्ण सिंघल द्वारा अमेरिका में निर्मित रावण के 25 फुट ऊंचे पुतले का दहन होगा।

सांस्कृतिक आयोजन के अलावा अग्रवाल समाज की तरफ से एक मुफ्त स्वास्थ्य/चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा महोत्सव में आपको कला और शिल्प के साथ ही स्वादिष्ट भारतीय व्यंजन के स्टाल नजर आएंगे। संगीत-नृत्य के साथ ही पूरे परिवार का मनोरंजन के लिए यहां बहुत कुछ मिलेगा।

आईएएफ एक गैर-लाभकारी स्वयंसेवी संगठन है। इसकी स्थापना स्वर्गीय श्री मंगल गुप्ता ने 1999 में न्यू जर्सी में दशहरा मनाने के उद्देश्य से की थी। इस त्योहार का चलन पिछले कुछ वर्षों में बढ़ा है। हर साल 10,000 से अधिक लोग इसमें शामिल होते हैं। यह महोत्सव आम जनता के लिए पूरी तरह से खुला है। इसमें शामिल होने के लिए किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जाता। इसका आयोजन पूरी तरह से संरक्षक और सदस्यों के दान के माध्यम से होता है। आयोजन में मिडिलसेक्स कंट्री बोर्ड ऑफ कल्चर एंड हेरिटेज, न्यूजर्सी स्टेट काउंसिल फॉर आर्ट/डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट कुछ अनुदान के साथ सहयोग करते हैं।

Comments

Latest