डॉ. दीप सिंह को इसलिए मिला प्रेसिडेंशियल लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

जानी-मानी सिख शख्सियत,  पारंपरिक खेलों के प्रवर्तक और ईएचएस पेशेवर डॉ. दीप सिंह को राष्ट्रपति की ओर से लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया है। प्रशस्ति के अनुसार यह पुरस्कार मुख्य रूप से डॉ. सिंह की सामुदायिक सेवाओं के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए है जिसमें पारंपरिक या स्वदेशी खेलों के संरक्षण और प्रचार को भी शामिल किया गया था।

demo Photo by Meadow Marie / Unsplash

डॉ. दीप सिंह पूरे अमेरिका में विभिन्न समुदायों को खेलों के माध्यम से एकजुट करने में लगे हुए हैं। वह इस तरह के कार्यक्रमें का हिस्सा भी बनते हैं और उनका आयोजक भी। डॉ. सिंह का जन्म भारत के खूबसूरत शहर चंडीगढ़ में हुआ और इस समय वह न्यूयॉर्क में ईएचएस पेशेवर हैं।

डॉ. सिंह वर्ल्ड गतका फेडरेशन (WGF) के महासचिव भी हैं। WGF एक सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो गतका-सिख मार्शल आर्ट के संरक्षण, प्रचार और इसे लोकप्रिय बनाने में लगा हुआ है। गतका को भारत की प्राचीन मार्शल आर्ट भी कहा जाता है।

सिंह यूनाइटेड सिख्स के साथ स्वेच्छा से काम कर रहे हैं जो संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी, गैर-सरकारी, मानवीय राहत, शिक्षा, मानव विकास और वकालत संगठन है जिसका उद्देश्य दुनिया भर में अल्पसंख्यक समुदाय के जरूरतमंदों, विशेषकर वंचितों को सशक्त बनाना है।

इसके अलावा डॉ. दीप सामुदायिक पुलिस के साथ भी स्वयंसेवक हैं और समुदाय को जरूरत पड़ने पर रक्त और भोजन अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं और स्वेच्छा से काम करने के लिए भी तैयार रहते हैं। डॉ. दीप सिंह एक प्रसिद्ध गतका-सिख मार्शल आर्ट प्रशिक्षक हैं।

वह कहते हैं कि मैं कला के इस रूप को पढ़ाता और प्रचारित करता रहा हूं जिसका गहरा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है। मैं शैक्षणिक संस्थानों में छोटे बच्चों को बदमाशी से निपटने में मदद कर रहा हूं और सांस्कृतिक संरक्षण और परंपराओं को जीवित रखने की आधुनिक चुनौतियों के बावजूद युवा पीढ़ी को अनुशासन, आत्मरक्षा और आध्यात्मिकता का मूल्य सिखा रहा हूं।