भारतवंशी महिला का शव रेडमंड की झील में मिला, पति माइक्रोसॉफ्ट में करता है काम

अमेरिका के वाशिंगटन के रेडमंड में भारतीय मूल की एक महिला की मौत ने भारतीय समुदाय को सदमें में डाल दिया है। माइक्रोसॉफ्ट में काम करने वाले भारतीय मूल के एक कर्मचारी की पत्नी सौजन्या रामामूर्ति की लाश किंग काउंटी की सम्मामिश झील में मिली है। सौजन्या 25 फरवरी सुबह 6 बजे से लापता थीं। अब परिवारजन सौजन्या की बॉडी को अंतिम संस्कार के लिए भारत भेजने का प्रयास कर रहे हैं।

भारत के मैसूर की रहने वाली सौजन्या रामामूर्ति वाशिंगटन के रेडमंड में बेलीमैरीमूर पार्क अपार्टमेंट्स के पास सुबह 6 बजे आखिरी बार देखी गई थीं। वह कुछ समय बाद ही वहां से लापता हो गईं। 25 फरवरी के दिन लापता होने के बाद स्थानीय पुलिस की तलाशी के बाद उनकी लाश अगले दिन सम्मामिश झील में मिली। यह झील सिएटल से 8 मील पूर्व की ओर किंग काउंटी में है। इसे ताजे पानी की झील कहा जाता है। झील की अधिकतम गहराई 105 फीट है और अधिकतम चौड़ाई 7 मील और इसका क्षेत्रफल 8 वर्ग मील है।

स्थानीय पुलिस अभी सौजन्या की मौत की वजह जानने में जुटी है। शुरुआती जांच में इसे हत्या बताया जा रहा है। लापता होने के बाद स्थानीय पुलिस ने बताया जिस दिन वह गायब हुई थीं उन्होंने बरगंडी रंग की जैकेट पहनी हुई थी। आपको बता दें कि सौजन्या की उम्र मात्र 30 वर्ष थी। वह पतली और देखने में काफी सुंदर थीं। रामामूर्ति की गुमशुदगी के बाद अब उनकी मौत ने उनके परिवार और प्रियजनों को तबाह कर दिया है। वे इस बात का जवाब मांग रहे हैं कि उनके साथ क्या हुआ होगा।

प्रियजनों ने गोफंडमी वेबसाइट पर भी एक पेज (Go Fund Me Page) बनाया है। इस पेज में के माध्यम से 25,000 डॉलर जुटाने की कोशिश की जा रही है। पेज पर बताया गया है कि वाशिंगटन के रेडमंड में रहने वाले मुदाम्बी एस श्रीवत्स माइक्रोसॉफ्ट में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करते हैं। उनकी पत्नी सौजन्या रामामूर्ति की बॉडी को उनके होमटाउन मैसूर ले जाने के लिए कोशिश की जा रही है।