कमला हैरिस और प्रियंका चोपड़ा फिर एक मंच पर, भारत के साथ संबंधों से लेकर यूक्रेन युद्ध तक पर हुई चर्चा

अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा पिछले सप्ताह भारत से अपने संबंध, शादी और जलवायु परिवर्तन जैसे मसलों पर बात करते हुए एक मंच पर नजर आई थीं। अब लॉस एंजिलिस में रह रहीं प्रियंका चोपड़ा ने डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी के विमिंस लीडरशिप फोरम की तरफ से उपराष्ट्रपति का इंटरव्यू लिया है। चोपड़ा ने बातचीत की शुरुआत अपने भारतीय संबंधों के साथ की। दोनों ने दुनिया के हालात, जलवायु परिवर्तन और गैर-बराबरी जैसे कई विषयों पर चर्चा की।

इस सम्मेलन के लिए पूरे देश से दिग्गज डेमोक्रेट नेताओं को आमंत्रित किया गया था। खचाखच भरे हॉल में प्रियंका चोपड़ा ने कमला हैरिस से कहा, 'एक तरह से हम दोनों भारत की बेटियां हैं। आप भारतीय मां और जमैकन पिता की अमेरिका में जन्मी बेटी हैं। मेरे माता-पिता फिजिशियन थे और मेरा जन्म भारत में ही हुआ। अब हाल ही में मैंने इस देश में रहना शुरू किया है जो पूरी तरह से अमेरिकन ड्रीम में भरोसा करता है।'