कोरोना वायरस महामारी के संक्रमण का प्रसार एक बार फिर से फैलने और दैनिक मामलों में लगातार तेजी आने के बाद सऊदी अरब ने अपने यात्रियों पर 16 देशों की यात्रा करने से प्रतिबंध लगा दिया है। इन देशों में भारत का नाम भी शामिल है।
भारत के अलावा इन देशों में लेबनान, सीरिया, तुर्की, ईरान, अफगानिस्तान, यमन, सोमालिया, इथियोपिया, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ दि कॉन्गो, लीबिया, इंडोनेशिया, वियतनाम, आर्मेनिया, बेलारूस और वेनेजुएला शामिल हैं। रविवार को सऊदी अरब में कोरोना के 467 ने मामले सामने आए थे जिसके बाद यहां महामारी के कुल मामलों की संख्या सात लाख 63 हजार 42 हो गई। इसके अलावा दो संक्रमितों की मौत होने के साथ जान गंवाने वालों की संख्या 9130 हो गई।
मंकीपॉक्स का सऊदी में अभी एक भी मामला नहीं
वहीं सऊदी अरब के स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को आश्वासन दिया है कि देश में मंकीपॉक्स का एक भी मामला अब तक सामने नहीं आया है। उप स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल्लाह असिरी ने इसे लेकर कहा कि इंसानों के बीच इसका संक्रमण बहुत सीमित है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार अब तक 11 देशों में मंकीपॉक्स के 80 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। संगठन का कहना है कि हम इसे बेहतर तरीके से समझने की कोशिश कर रहे हैं। संगठन इसे स्थानीय महामारी (Endemic) कह चुका है।