Skip to content

भारतीय अमेरिकियों ने मनाया 'आजादी का अमृत महोत्सव', कई कांग्रेसी सांसद हुए शामिल

कार्यक्रम में भारतीय मूल के अमेरिकी कांग्रेसी राजा कृष्णमूर्ति ने भारतीय समुदाय से आह्वान किया कि अमेरिकी कांग्रेस और अन्य निर्वाचित निकायों में ज्यादा से ज्यादा भारतीय अमेरिकियों को चुनने में भारतीय अमेरिकी मदद करें। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आह्वान से प्रेरित था।

दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम विश्वभर में मना रहा है। इसी को लेकर गुरुवार को भारतीय अमेरिकियों द्वारा भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एक दर्जन से अधिक  अमेरिकी कांग्रेसियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में कई सांसदों ने भाग लिया था जिनमें अमेरिकी कांग्रेसी फ्रैंक पालोन और शीला जैक्सन ली भी मौजूद थीं।

एशियन हेरिटेज मंथ के साथ-साथ इस कार्यक्रम में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के महत्वूपर्ण अवसर को मनाने के लिए पूरे अमेरिका में कई उत्सवों की भी घोषणा की गई है। इस कार्यक्रम में सैंकड़ों भारतीय अमेरिकियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में भारतीय मूल के अमेरिकी कांग्रेसी राजा कृष्णमूर्ति ने भारतीय समुदाय से आह्वान किया कि अमेरिकी कांग्रेस और अन्य निर्वाचित निकायों में ज्यादा से ज्यादा भारतीय अमेरिकियों को चुनने में भारतीय अमेरिकी मदद करें।

यह कार्यक्रम फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन ऑफ न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और न्यूइंग्लैंड द्वारा यूएस कैपिटल में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में डेढ़ दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित सांसदों ने भाग लिया था, जिनमें अमेरिकी कांग्रेसी फ्रैंक पालोन और शीला जैक्सन ली भी मौजूद थीं। फेडरेशन के अंकुर वैद्य ने कहा कि एफआईए स्वतंत्रता दिवस के आसपास न्यूयॉर्क में एक बड़े उत्सव की योजना बना रही है, जिसमें टाइम्स स्क्वायर पर झंडा फहराना भी शामिल है।

एफआईए के अध्यक्ष केनी देसाई ने कहा कि भारतीय अमेरिकियों के लिए यूएस कैपिटल में भारत के स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ मनाने का आज एक ऐतिहासिक क्षण था। एफआईए भारतीय अमेरिकियों के सबसे पुराने और सबसे बड़े गैर-लाभकारी जमीन से जुड़े संगठनों में से एक है।

कार्यक्रम में मौजूद एफआईए सचिव सृजल पारिख ने कहा कि अमेरिकी कांग्रेसियों की उपस्थिति में यह आजादी का अमृत महोत्सव का एक महान उत्सव था। एफआईए की सामुदायिक सेवाओं को कांग्रेसनल रिकॉर्ड द्वारा मान्यता दी गई है। वहीं मौजूद एफआईए के पूर्व अध्यक्ष और बिहार फाउंडेशन यूएसए के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम दुनिया भर में इस महत्वपूर्ण अवसर को मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आह्वान से प्रेरित था।

Comments

Latest