Skip to content

2 साल बाद चीन ने विदेशी उड़ानों के लिए खोला अपना आकाश, शर्तें लागू

चीन ने पिछले महीने भारतीय प्रोफेशनल्स और उनके परिवारों को वीजा जारी करने पर दो साल से लगी रोक हटा ली थी। चीन अपने यहां पढ़ाई कर रहे उन भारतीय छात्रों को भी अनुमति देने पर विचार कर रहा है जो पढ़ने के लिए वापस आना चाहते हैं।

Photo by Cheng Huang / Unsplash

चीन की यात्रा करने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। दो साल पहले कोरोना महामारी शुरू होने के बाद ही चीन ने विदेशों से यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसकी वजह से बहुत से लोग न तो चीन जा पा रहे हैं, और न ही वहां से आ पा रहे हैं। अब इंतजार की घड़ियां खत्म होने को हैं। चीन ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को मंजूरी देना शुरू कर दिया है। चीन ने बताया है कि अगले हफ्ते से 2 हजार से ज्यादा पैसेंजर फ्लाइटों को देश में आने की मंजूरी दी गई है।

woman in face mask walking down the street during a coronavirus lockdown
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर चीन की नीति में बदलाव के बाद विदेशों से आने वाली उड़ानों की संख्या काफी बढ़ गई है। Photo by Kate Trifo / Unsplash

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर चीन की नीति में बदलाव के बाद विदेशों से आने वाली उड़ानों की संख्या काफी बढ़ गई है। खासकर अमेरिका से काफी फ्लाइटों को चीन जाने की मंजूरी दी गई है। 125 देशों में चीन के दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों ने देश आने वाले यात्रियों के लिए नए नियमों का ऐलान किया है। हालांकि भारत से चीन जाने वाली उड़ानों को लेकर अभी कुछ नहीं कहा गया है।

चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने नीति में इस बदलाव को दुनिया के लिए चीन के दरवाजे खुलने जैसा बताया है। फ्लाइटों को मंजूरी देने के साथ ही चीन ने कोरोना की पाबंदी संबंधी नियमों को भी फिर से विचार करना शुरू कर दिया है। चीन की सरकारी मीडिया ने बताया है कि देश में आने वाले यात्रियों के लिए होटल में क्वारंटीन रहने की समय सीमा घटाकर 7 दिन कर दी है। उसके बाद 3 दिन घर में आइसोलेशन में रहना होगा।

चीन ने पिछले महीने भारतीय प्रोफेशनल्स और उनके परिवारों को वीजा जारी करने पर दो साल से लगी रोक हटा ली थी। चीन अपने यहां पढ़ाई कर रहे उन भारतीय छात्रों को भी अनुमति देने पर विचार कर रहा है जो पढ़ने के लिए वापस आना चाहते हैं। चीन के तगड़े कोरोना प्रतिबंधों की वजह से 23 हजार से ज्यादा भारतीय स्टूडेंट अपने घरों में रहकर ही पढ़ाई करने पर मजबूर हैं। हाल ही में भारत सरकार ने चीन के मांगने पर ऐसे सैकड़ों छात्रों की लिस्ट उपलब्ध कराई थी, जो वापस चीन पढ़ने जाना चाहते हैं।

Comments

Latest