कनाडा: महिला की हत्या के आरोप में धालीवाल के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी
कनाडा पुलिस ने एक 21 वर्षीय महिला की मौत के मामले में भारतीय मूल के धरम सिंह धालीवाल के खिलाफ देशव्यापी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। महिला की दिसंबर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पील क्षेत्रीय पुलिस ने एक बयान में कहा कि धालीवाल (30) ब्रैम्पटन की रहने वाली पवनप्रीत कौर की हत्या के बाद योजना के तहत सितंबर 2022 से लापता है।
Canada-Wide Arrest Warrant for Dharam Singh Dhaliwal for First Degree Murder. Read more: https://t.co/c5dQCadw0J pic.twitter.com/AcIm9SaQBc
— Peel Regional Police (@PeelPolice) April 24, 2023
पुलिस ने एक बयान में कहा है कि होमिसाइड ब्यूरो के जांचकर्ताओं ने मिसिसॉगा में एक घटना के संबंध में कनाडा-व्यापी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। मामला दिसंबर 2022 में एक महिला की मौत से जुड़ा है।
धरम की पहचान एक दक्षिण एशियाई पुरुष के रूप में बताई गई है जिसके बाएं हाथ पर एक टैटू है। पुलिस के मुताबिक धरम धालीवाल को हथियारबंद और खतरनाक माना जाना चाहिए। संदिग्ध धरम के परिवार के दो सदस्यों को मॉन्कटन, न्यू ब्रंसविक में गिरफ्तार किया गया है और उन पर घटना की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया गया।
बताया गया है कि 18 अप्रैल, 2023 को न्यू ब्रंसविक के मॉन्कटन में धरम के परिवार के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रीतपाल धालीवाल (25) और एक 50 वर्षीय महिला अमरजीत धालीवाल शामिल है। पुलिस बयान के अनुसार इन दोनों को घटना या धरम के बारे में जानकारी है।
बयान में पील क्षेत्रीय पुलिस ने धालीवाल से कानूनी सलाह लेने और खुद को पेश करने का आग्रह किया है और साथ ही चेतावनी दी कि उन्हें सशस्त्र और खतरनाक माना जाना चाहिए। पुलिस ने कहा कि अगर किसी को धर्म धालीवाल का ठिकाना पता है या कोई और जानकारी है जो इस जांच में मदद कर सकती है तो कृपया जांचकर्ताओं से 905-453-2121 (एक्सटेंशन 3205) पर संपर्क करें।