कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के बुरी तरह प्रभावित होने के बाद विकास को फिर से रफ्तार देने के लिए कनाडा ने एक महत्वाकांक्षी योजना का एलान किया है। इसके तहत अगले तीन वर्षों में 13 लाख आप्रवासियों का स्वागत करने की योजना है। प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की सरकार का लक्ष्य इस साल चार लाख 31 हजार स्थाई नागरिकों को और जोड़ना है। साल 2023 के लिए यह लक्ष्य चार लाख 47 हजार और 2024 के लिए चार लाख 51 हजार रखा गया है।
बीते दिनों जारी आप्रवासन योजना में इसका एलान किया गया है। इसके अनुसार इस साल और साल 2022 के लिए इन आंकड़ों में संशोधन किया गया है। पहले 2021 के लिए यह अनुमान चार लाख 11 हजार और 2022 के लिए चार लाख 21 हजार था। कनाडा में स्थायी निवास पाने वालों में सबसे बड़ा हिस्सा भारतीयों का है। यह कुल संख्या का करीब 40 फीसदी है। साल 2020 में 27 हजार से अधिक भारतीयों को कनाडा में प्रवेश मिला था।