अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले भारतीय छात्रों के लिए कैलिफोर्निया, टेक्सास, न्यूयॉर्क, मैसाचुसेट्स और इलिनोइस शीर्ष पांच गंतव्य हैं। हार्वर्ड, एमआईटी, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, कॉर्नेल विश्वविद्यालय, यूटी ऑस्टिन, शिकागो विश्वविद्यालय और नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी सहित दुनिया के कुछ शीर्ष विश्वविद्यालय भारतीयों के बीच एक शीर्ष आकर्षण हैं।
अमेरिका में आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय छात्र प्रवाह के विश्लेषण से पता चलता है कि इलिनोइस में 27 फीसदी से अधिक विदेशी छात्र भारतीय हैं जबकि यह संख्या टेक्सास में लगभग 22 फीसदी, न्यूयॉर्क में लगभग 18 फीसदी और कैलिफोर्निया में 13.7 फीसदी है।अमेरिका में विदेशी छात्रों का आधिकारिक डेटाबेस रखने वाले ओपन डोर डेटा के मुताबिक मैसाचुसेट्स में भारतीय छात्रों की आबादी लगभग 20 फीसदी है।'
न्यूयॉर्क: यहां के विश्वविद्यालयों में लगभग 18,600 भारतीय छात्र रहते हैं, जो शीर्ष दो विदेशी छात्र समूहों में से एक है। कुल मिलाकर न्यूयॉर्क में 106,894 अंतरराष्ट्रीय छात्र हैं जिनमें 17.4 फीसदी भारत से हैं। दक्षिण कोरिया, कनाडा और ताइवान से न्यूयॉर्क में पढ़ने वाले छात्रों की भारत के बाद सबसे अधिक आबादी है। बता दें कि ये आंकड़ें ताजे हैं लेकिन साल 2022 के आंकड़ें नवंबर तक उपलब्ध होने की उम्मीद है। यहां न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय, कोलंबिया विश्वविद्यालय और कॉर्नेल विश्वविद्यालय इस राज्य में विदेशी छात्रों के लिए शीर्ष स्थलों में से हैं जिन्हें सांस्कृतिक विविधता और वॉल स्ट्रीट के अलावा अन्य चीजों के भी जाना जाता है।
मैसाचुसेट्स: मैसाचुसेट्स में अंतरराष्ट्रीय छात्रों में से कम से कम 19.9 फीसदी भारतीय छात्र हैं। राज्य में साल 2021 में अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले लगभग 66,273 विदेशी छात्र थे। मैसाचुसेट्स में चीनी छात्र विदेशी छात्रों की संख्या में कुल 36.4 फीसदी हैं। यहां हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक शिक्षा ब्रांड छात्रों और उनकी आकांक्षाओं को आकर्षित करते हैं। इसके अलावा बोस्टन विश्वविद्यालय, बोस्टन कॉलेज, पूर्वोत्तर विश्वविद्यालय और मैसाचुसेट्स-एमहर्स्ट विश्वविद्यालय जैसे शीर्ष नाम भारतीयों सहित अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए अच्छे आकर्षण हैं।
कैलिफोर्निया: आंकड़ों से पता चलता है कि कैलिफोर्निया प्रांत में साल 2021 के भीतर 1,32,758 अंतरराष्ट्रीय छात्र थे, जिनमें से 13.7 फीसदी यानी 18,180 से अधिक अकेले भारतीय हैं। हालांकि किसी भी अन्य अंतरराष्ट्रीय समूह की तुलना में चीनी छात्रों के समूह की आबादी बहुत अधिक है। भारत और चीन के अलावा यहां दक्षिण कोरिया, ताइवान और वियतनाम के छात्र अन्य प्रमुख विदेशी छात्र की तुलना में अधिक हैं। दक्षिणी कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय लॉस एंजिल्स, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय-सैनडिगो, और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय-बर्कले भारतीयों सहित विदेशी छात्रों के लिए कुछ शीर्ष विश्वविद्यालय हैं। आंकड़ें बताते हैं कि यहां अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने साल 2020-21 में अकेले कैलिफोर्निया में अनुमानित 4.83 बिलियन डॉलर यानी लगभग 40 हजार करोड़ रुपये खर्च किए थे।
टेक्सास: यह राज्य साल 2021 में 67,428 विदेशी छात्रों का घर था। इसमें से 21.8 फीसदी भारतीय छात्र थे। यहां चीनी छात्रों की संख्या भारतीयों से कम देखी गई है। चीनी छात्र टेक्सास में विदेशी छात्र आबादी का 18.9 फीसदी थे। वियतनाम, मैक्सिको और नेपाल अन्य तीन देश हैं जिनकी छात्र आबादी टेक्सास में बड़ी है लेकिन भारतीय छात्र आबादी से काफी कम है। यहां ह्यूस्टन विश्वविद्यालय, यूटी ऑस्टिन और टेक्सास विश्वविद्यालय-अर्लिंग्टन वहां के भारतीय छात्रों के लिए शीर्ष विश्वविद्यालयों में शामिल हैं।
इलिनोइस: इलिनोइस में पढ़ने वाले कम से कम 27.4 फीसदी विदेशी छात्र भारतीय छात्र हैं। यह प्रांत कुल मिलाकर 44,000 अंतरराष्ट्रीय छात्रों का घर है। इसमें शिकागो विश्वविद्यालय जैसे विश्वविद्यालय हैं, जिनमें प्रसिद्ध बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस और नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी है जिसमें द केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट है। जो लोग अभी तक नहीं जानते हैं उनके लिए आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन शिकागो बूथ में वित्त के प्रोफेसर रहे हैं। इलिनोइस विश्वविद्यालय-अर्बाना-शैंपेन और इलिनोइस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी वहां के अन्य शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों में से थे जो विदेशी छात्रों के एक बड़े हिस्से को आकर्षित करते हैं।
इन पांच प्रमुख गंतव्यों के अलावा अमेरिका में कई अन्य गंतव्य और शहर भारतीय छात्रों को आकर्षित करते हैं। उदाहरण के लिए एरिजोना एक और पसंदीदा गंतव्य है जहां 21,000 से अधिक विदेशी छात्रों में से 31.6 फीसदी भारतीय हैं।