ब्रिटेन द्वारा भारतीय नागरिकों पर कोरोना गाइडलाइंस में नरमी बरतने के बाद अब भारत सरकार ने भी ब्रिटेन नागरिकों के लिए विशेष रूप से बनाई नीतियों में बदलाव किया है। भारत की सरकार ने वैक्सीन लगे ब्रिटिश नागरिकों की 10 दिन की क्वारंटाइन अवधि को समाप्त कर दिया है।
भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि भारत आने पर ब्रिटिश नागरिकों को भी उन्हीं मानकों का पालन करना होगा जो बाकी विदेशियों पर लागू होते हैं। यानी साफ है कि वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके ब्रिटिश नागरिकों को 10 दिन तक क्वारंटाइन में नहीं रहना होगा।
मंत्रालय ने कहा कि ब्रिटिश नागरिकों के भारत आगमन पर एक अक्टूबर को जारी किए गए दिशा-निर्देश वापस ले लिए गए हैं और 17 फरवरी को जारी निर्देशों के अनुरूप पहले की तरह स्थिति बहाल कर दी गई है। भारत ने वैक्सीन की मान्यता के मामले में भारतीयों के साथ ब्रिटिश सरकार की भेदभावपूर्ण नीति के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए एक अक्टूबर को ब्रिटिश नागरिकों के लिए भारत आने पर 10 दिन का क्वारंटाइन और आरटी पीसीआर जांच अनिवार्य कर दिया था।