30 से अधिक ब्रिटिश भारतीयों का किंग चार्ल्स ने किया सम्मान, इन्हें मिला नाइटहुड

ब्रिटेन ने भारतीय मूल के 30 से अधिक शिक्षाविदों और अर्थशास्त्रियों के अलावा परोपकार, चिकित्सा और राजीनितिक जगत के लोगों का सम्मान किया है। नए साल के अवसर पर किंग चार्ल्स की ओर से इन भारतीय मूल के लोगों को ब्रिटेन और बाहरी देशों में उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। लोक सेवा, युवा और सामुदायिक क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वालों को प्राथमिकता के आधार पर सम्मान के लिए चुना गया है।

भारतीय मूल के पूर्व मंत्री आलोक शर्मा को नाइटहुड से नवाजा गया है। आलोक शर्मा पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में ग्लासगो, स्कॉटलैंड में हुए COP26 सम्मेलन के अध्यक्ष थे। शर्मा मूल रूप से आगरा, उत्तर प्रदेश के हैं। पढ़ाई के लिए वह महज पांच साल की उम्र में रीडिंग, ब्रिटेन आ गए थे। इस समय वह रीडिंग वेस्ट से सांसद हैं। शर्मा पिछले साल अक्तूबर तक बोरिस जॉनसन सरकार में कैबिनेट मंत्री थे।