भारत के भगोड़े स्वामी ने 30 अमेरिकी शहरों के साथ किया 'फर्जीवाड़ा'
भारत में रेप-अपहरण के आरोपी और भगोड़े स्वामी नित्यानंद ने अब अमेरिका के कम से कम 30 शहरों के साथ कथित तौर पर फर्जीवाड़ा किया है। खबरों के अनुसार, खुद को भगवान बताने वाले और 'युनाइटेड स्टेट्स ऑफ कैलासा' नाम से काल्पनिक देश बसाने वाले नित्यानंद ने 'सिस्टर सिटीज' बनाने के नाम पर इन अमेरिकी शहरों को झांसा दिया।
KAILASA's Press Releases: The Press Secretary office of Holy See of the Hindusim Responds to María Luisa Paúl, Morning Mix staff writer of The Washington Post: Washington Post @marialuisapaulr
— KAILASA's SPH Nithyananda (@SriNithyananda) March 18, 2023
Q: Can you please tell me a little bit more about Kailasa: When was it founded? Where… https://t.co/HzWANoar4k pic.twitter.com/jIaQ1p4hCS
न्यूजर्सी के सबसे बड़े शहर नेवार्क ने नित्यानंद के तथाकथित देश से किए सिस्टर सिटी समझौते को हाल ही में रद्द किया है। ये समझौता 12 जनवरी को नेवार्क के सिटी हॉल में हुए समारोह में किया गया था। इसमें नेवार्क के मेयर और कैलासा के प्रतिनिधि भी शामिल हुए थे। बाद में अधिकारियों को जब पता चला कि इस नाम का कोई देश ही नहीं है तो उन्हें फर्जीवाड़े का पता चला।
बता दें कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दो शहरों के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए सिस्टर सिटी कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नेवार्क के अधिकारियों ने कहा कि ये समझौता सिर्फ 6 दिन चला और इसे पूरी तरह खारिज कर दिया गया है। शहर प्रवक्ता ने कहा कि नेवार्क समृद्धि के लिए अन्य संस्कृतियों वाले लोगों के साथ साझेदारी करने को प्रतिबद्ध है, लेकिन यह एक दुखद घटना थी।
खबरों के अनुसार नेवार्क इकलौता शहर नहीं है जिसने कैलासा के साथ समझौता किया। कैलासा की वेबसाइट पर दावा किया गया है कि 30 से ज्यादा अमेरिकी शहरों ने उसके साथ सिस्टर सिटी समझौते किए हैं। इनमें रिचमंड के कई शहर, वर्जीनिया, डेटन, ओहियो, बुएना पार्क, फ्लोरिडा तक शामिल बताए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि न सिर्फ शहर काउंसिल और मेयर बल्कि बड़ी तादाद में आम लोग भी कैलासा के झांसे में आए हैं।
पिछले महीने तथाकथित युनाइटेड स्टेट्स ऑफ कैलासा की प्रतिनिधि संयुक्त राष्ट्र की जिनेवा में हुई एक बैठक को संबोधित करते नजर आई थी, जिस पर काफी विवाद हुआ था। बाद में संयुक्त राष्ट्र को सफाई भी देनी पड़ी थी। कैलासा की प्रतिनिधि विजयप्रिया ने संयुक्त राष्ट्र में दावा किया था कि नित्यानंद के कैलासा में 20 लाख की आबादी है। इतना ही नहीं 150 देशों में उसकी एम्बेसी भी है। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई।
नित्यानंद की क्राइम कुंडली
खबरों के अनुसार 1 जनवरी 1978 को भारत के तमिलनाडु में जन्मे नित्यानंद ने 2003 में बेंगलुरु के पास पहला आश्रम खोला था, उसके बाद कई आश्रम बनाए। साल 2010 में उसकी एक अश्लील सीडी सामने आई जिसमें वह एक एक्ट्रेस के साथ आपत्तिजनक हालत में था। गिरफ्तारी के बाद उसे जमानत मिल गई। उसके बाद एक अमेरिकी महिला ने आरोप लगाया कि नित्यानंद ने धर्म के नाम पर बरसों तक उसका रेप किया। 2012 में भी रेप का एक केस दर्ज हुआ। 2019 में दो लड़कियों के अपहरण के मामले भी दर्ज हुए। इसी बीच वह भारत से फरार हो गया।