भारत-अमेरिकी अधिकारियों ने की कई मुद्दों पर चर्चा, अफगान पर चुप्पी!

भारत और अमेरिका के अधिकारियों के बीच कई क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों ने दक्षिण एशिया, पूर्व और दक्षिण पूर्व एशिया, पश्चिमी हिंद महासागर समेत तमाम महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान रक्षा अधिकारियों ने भारत और अमेरिका के बीच भागीदारी बढ़ाने और बहुपक्षीय सहयोग का विस्तार करने पर जोर दिया गया। खास बात यह रही कि इस दौरान अफगानिस्तान मुद्दे को लेकर दोनों देशों के बीच कोई विचार-विमर्श नहीं हुआ।

संयुक्त सचिवों के इस सम्मेलन में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। भारतीय विदेश मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 'इस मीटिंग में अधिकारियों ने आतंकवाद, एचएडीआर (मानवीय सहायता व आपदा राहत) और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावना पर चर्चा की। उन्होंने इस बारे में भी बात की कि वह दक्षिण एशिया में वर्तमान विकास के बारे में कैसा महसूस करते हैं।