बधाई हो: पर्यटन के लिए डेढ़ साल बाद 'खुलने' जा रहा है दर्शनीय भारत

भारत में कोरोना के मामलों में गिरावट के बीच भारत की सरकार विदेशी पर्यटकों के लिए भारत के दरवाजे जल्द खोल सकती है। मार्च 2020 में देशव्यापी तालाबंदी (लॉकडाउन) को डेढ़ साल हो चुका है और भारत का पर्यटन, आतिथ्य और विमानन क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे में सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए पहले पांच लाख विदेशी पर्यटकों को मुफ्त में वीजा देने की बात कही है।

पर्यटकों को नि:शुल्क वीजा या तो 31 मार्च 2022 तक के लिए दिया जाएगा या फिर पहले पांच लाख वीजा नि:शुल्क। Photo by ConvertKit / Unsplash

भारत के केंद्रीय गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार विदेशी पर्यटकों के लिए देश को खोलने के लिए अपेक्षित तारीख और तौर-तरीकों पर सरकार अभी विचार-विमर्श कर रही है। पर्यटन को शुरू करने की आधिकारिक घोषणा अगले ​दस दिनों के भीतर आने की संभावना है।

भारत की सांस्कृतिक, सामाजिक भिन्नता और दर्शनीय स्थल विदेशी सैलानियों को लुभाते रहे हैं। Photo by JK / Unsplash

मंत्रालय का मानना है कि यह फैसला कोरोना के लगातार घटते मामलों को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। रविवार को भारत में कुल 30,773 नए मामले सामने आए थे जबकि भारत में एक्टिव केस की कुल संख्या 3.32 लाख थी। वहीं वैक्सीन की बात की जाए तो यह आंकड़ा 80 करोड़ को पार कर चुका है।