न्यू जर्सी के विकास में योगदान देंगे बसंत गुप्ता, इस बोर्ड में मिला अहम पद

भारतीय मूल के बसंत गुप्ता को न्यू जर्सी की एग हार्बर टाउनशिप में योजना बोर्ड का सदस्य नामित किया गया है। इलाके के विकास के लिए साइट प्लान, सबडिवीजन और वेरिएंस आदि के मूल्यांकन और मंजूरी में बोर्ड के सदस्यों की अहम भूमिका रहती है।

आचार्य लोकेश मुनि व अन्य आचार्यों व योगगुरु ने भी बसंत गुप्ता को शुभकामनाएं दीं।

बोर्ड के सॉलिसिटर जॉन रिजवे ने बसंत गुप्ता को योजना बोर्ड के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई। इस अवसर पर बसंत गुप्ता ने न्यू जर्सी शहर के विकास के लिए पुरानी और नई परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विचार करने का वादा किया। इस मौके पर बसंत गुप्ता की पत्नी चित्रा गुप्ता भी मौजूद थीं।

बसंत गुप्ता एक सफल उद्यमी और परोपकारी हैं। वह अमेरिका में साउथ जर्सी इंडियन एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। अहिंसा विश्व भारती फाउंडेशन, हिंदू जैन मंदिर पोमोना न्यूजर्सी के संस्थापक सदस्य हैं। इसके अलावा अटलांटिक काउंटी सलाहकार बोर्ड की सांस्कृतिक एवं विरासत समिति के सदस्य भी हैं। वह कानपुर के लायंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं।

अहिंसा विश्व भारती फाउंडेशन के संस्थापक आचार्य डॉ. लोकेश मुनि ने बोर्ड में गुप्ता के नामांकन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बसंत गुप्ता हमेशा समाज कल्याण और विकास कार्यों में लगे रहते हैं। भारत के लिए यह गर्व की बात है कि हमारे समुदाय के लोग अमेरिका जैसे विशाल देश में भी अभूतपूर्व कार्यों से अपना परचम लहरा रहे हैं।

बसंत गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका दोनों दुनिया के बड़े लोकतांत्रिक देश हैं। इसकी बेहतरी के लिए हम सबको मिलकर काम करना चाहिए। भारत और अमेरिका पक्के दोस्त हैं। हम मिलकर एक बेहतर दुनिया बना सकते हैं।

#basantgupta #newjerseyindian #basantguptanewjersey #IndianDiaspora #Diaspora #Indian #NewIndiaAbroad #IndiaAbroad