अमृतपाल सिंह के समर्थन में न्यूजीलैंड के इस शहर में सड़कों पर उतरे लोग

भारत में प्रमुख खालिस्तानी नेता अमृतपाल सिंह पर कार्रवाई के बीच न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में मंगलवार को उसके समर्थन में लोगों ने प्रदर्शन किया। शहर में बसे सिख समुदाय के कई सदस्य आओटिया स्कवायर पर इकट्ठा हुए और अमृतपाल सिंह के पक्ष में प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं ऑकलैंड शहर में अमृतपाल के समर्थन में कई बैनर भी लगाए गए हैं। यह प्रदर्शन वारिस पंजाब दे की न्यूजीलैंड विंग ने आयोजित किया था।

अमृतपाल सिंह के समर्थन में लगाए गए बैनर Photo @HinduHate

स्थानीय पुलिस के अनुसार भारत के पंजाब राज्य में पुलिस के हाथों से बचकर भागे अमृतपाल सिंह को भगोड़ा घोषित करने के विरोध में ये लोग इकट्ठा हुए थे। वारिस पंजाब दे की न्यूजीलैंड में प्रवक्ता सरबजीत कौर ने कहा कि सिख समुदाय के कई लोगों का मानना है कि अमृतपाल सिंह को वास्तव में गिरफ्तार कर लिया गया है।

अमृतपाल सिंह के समर्थन में इकट्ठा हुए खालिस्तानी समर्थक Photo @HinduHate

कौर ने स्थानीय मीडिया से कहा कि भारत में इंटरनेट शटडाउन और डिजिटल सेंसरशिप एक नया ट्रेंड बन चुका है। यह लोकतंत्र का गला घोटने जैसा है। पंजाब में 2.7 करोड़ लोगों की इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। सिख बहुल राज्य में अमृतपाल के 112 समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है।

यह विरोध प्रदर्शन वारिस पंजाब दे द्वारा आयोजित किया गया था। Photo @HinduHate

कौर ने आशंका जताई कि भारत और पंजाब की सरकार के अधिकारी अमृतपाल सिंह की जान के लिए खतरा बन सकते हैं। वे उनकी हत्या भी कर सकते हैं और अपने बचाव के लिए उन्हें लापता बताएंंगे। बता दें कि अमृतपाल खालिस्तानी नेता जरनैल सिंह भिंडरावाले से प्रभावित है जिसे साल 1984 में पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर पर कार्रवाई के दौरान भारतीय सेना ने मार दिया था। अमृतपाल भी उसी के नक्शेकदम पर चल रहा है। उसने एक बार भारत के गृह मंत्री अमित शाह को भी धमकी दी थी और कहा था कि उनका भी वही हश्र होगा जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का 1984 में हुआ था।