अमेरिका में NRI से ठगे थे 1.33 करोड़, बहन ने चालाकी से ठग को भिजवाया जेल

अमेरिका में रहने वाली एनआरआई महिला को क्रिकेट टूर्नामेंट के नाम पर 1.33 करोड़ रुपये का चूना लगाने के आरोपी को भारत में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम सौरभ पांडे (44 वर्ष) है। वह नोएडा का रहने वाला है। महिला द्वारा मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद भी आरोपी का पता नहीं चल पा रहा था। ऐसे में पीड़ित महिला की बहन ने अनोखी योजना बनाई और ठग उसके जाल में फंस गया।

नोएडा में भी सौरभ के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा ने कई साल पहले इसी तरह की ठगी का मामला दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार सौरभ पांडे ने 2018 में एनआरआई महिला को अमेरिका में अमेरिकन प्रीमियर लीग आयोजित कराने और मुनाफे में 15 प्रतिशत हिस्सा देने का झांसा दिया था। महिला उसकी बातों में आ गई और अगले साल अमेरिका से रकम उसके नाम ट्रांसफर कर दी। बाद में मुंबई आकर उन्होंने एग्रीमेंट भी साइन किया। लेकिन जैसे ही टूर्नामेंट की तारीख नजदीक आई, आरोपी ने महिला का फोन उठाना ही बंद कर दिया। बाद में उनका फोन ब्लॉक कर दिया।