अमेरिकी वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने भारत को बताया, जरूरी सहयोगी

अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने कहा है कि अमेरिका और भारत दुनिया में सबसे करीबी सहयोगी और अपरिहार्य (जरूरी) भागीदारों में से हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार पिछले साल अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया। आने वाले वर्षों में यह और बढ़ेगा, ऐसी उम्मीद है।

येलेन ने गुजरात की राजधानी गांधीनगर में भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किए। जी20 बैठकों के तहत भारत-अमेरिका वार्ता से पहले येलेन ने कहा कि अमेरिका जी20 की अध्यक्षता के दौरान भारत के नेतृत्व की सराहना करता है।

इस दौरान सीतारमण ने कहा कि पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका यात्रा और अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ उनकी मुलाकात से दोनों देशों के बीच भागीदारी और मजबूत हुई है। येलेन ने कहा कि हम भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बहुत महत्व देते हैं। अमेरिका और भारत दुनिया के सबसे करीबी साझेदारों में से हैं। हम अपना करीबी सहयोग जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा कि दुनिया जलवायु परिवर्तन और महामारी जैसी बड़ी चुनौतियों के बीच प्रगति के लिए जी20 की ओर देख रही है। मुझे उम्मीद है कि हम कुछ ठोस कदम उठा सकते हैं। येलेन ने कहा कि हमें विश्व बैंक की अगुवाई के लिए अजय बंगा की उम्मीदवारी का समर्थन करने पर भी गर्व है। हमारा मानना ​​है कि वह कई महत्वपूर्ण सुधारों को पूरा करने पर काम कर रहे हैं।

अमेरिकी वित्त मंत्री ने कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान दिखा, अमेरिका और भारत दुनिया में सबसे नजदीकी भागीदारों में हैं। मुझे गर्व है कि मैं इन संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद कर रही हूं।

इस मौके पर वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा और राष्ट्रपति बाइडन के साथ बैठक से दोनों देशों की भागीदारी और मजबूत हुई है। इस ऐतिहासिक यात्रा से सहयोग के नए रास्ते खुले हैं। इससे हमारी भागीदारी नई ऊंचाई पर पहुंच गई है।