किसी ने कहा है कि ज़िंदगी एक ऐसा सफर है जिसकी राह ही इसकी मंज़िल है... सचिन शेट्टी के लिए ये लाइनें बिल्कुल फिट बैठती हैं। सचिन कर्नाटक के उडुपी में शटरबॉक्स फिल्म्स के मालिक हैं। बेहतरीन सिनेमैटोग्राफर हैं।

बाइक पर नई-नई जगहें घूमना इनका शौक है और जुनून भी। ये भारत में पूर्वोत्तर को छोड़कर देश का कोना-कोना छान चुके हैं। अपनी बाइक से ही नेपाल और भूटान भी घूमकर आ चुके हैं। अब इनका इरादा अकेले ही दक्षिण-पूर्व एशिया घूमने का है। उसके बाद ये वर्ल्ड टूर करने का सपना संजो रहे हैं।
मिड-डे की एक खबर के मुताबिक, सचिन शेट्टी ने 2013 में ट्रैवलिंग की शुरुआत की थी। सबसे पहले ये अपने आसपास के इलाकों में घूमे। उसका ऐसा चस्का लगा कि फिर बाइक के पहिए रुके ही नहीं और सफर चलता रहा। उस समय इनके पास पल्सर 220 बाइक थी।
अब ये सुजुकी हायाबूसा, रे हिमालयन, हीरो एक्सपल्स, येजदी, लाम्बी, विजय सुपर और सुजुकी बर्गमैन के मालिक हैं। सचिन की खास बात ये है कि ये खुद तो घूमते ही हैं, दूसरे लोगों को भी सफर करने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। वह ऐसे लोगों की मदद करते हैं, जो आर्थिक तंगी की वजह से घूमने नहीं जा पाते।
सचिन भारत के लगभग सारे राज्य घूम चुके हैं, बस पूर्वोत्तर के कुछ राज्य घूमना बाकी है। 2017 में उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी का सफर अकेले तय किया था। 2018 में भारत से भूटान और फिर नेपाल की यात्रा की। उसके अगले साल स्पीति घाटी के रोमांचक सफर पर गए।
पिछले साल सचिन ने उत्तरी कर्नाटक, कच्छ के रण और केरल के कोने-कोने में घूमे। इस साल ये अब तक सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और नेपाल घूम चुके हैं। सचिन शेट्टी बताते हैं कि वह कई प्रख्यात पुरस्कार भी जीत चुके हैं। उन्होंने सिनेमैटोग्राफी में 3 राष्ट्रीय और एक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। चंदनवन नाम की फिल्म में काम किया है।
इसके अलावा, लिम्का रिकॉर्ड की जावा विंटेज बाइक रैली में भी हिस्सा ले चुके हैं। सचिन बताते हैं कि अब उनका इरादा अगले 2 साल में साउथ ईस्ट एशिया का टूर करना है। उसके बाद अगले 5 साल में वह वर्ल्ड टूर की योजना बना रहे हैं।