मैं वीजा पर हूं और मेरे पास समय बहुत कम है... US में छंटनी के शिकार भारतीय लगा रहे गुहार

ट्विटर, मेटा के बाद अब माइक्रोसॉफ्ट जैसी नामी कंपनी ने भी कर्मचारियों पर तगड़ी कैंची चलाना शुरू कर दिया है। माइक्रोसॉफ्ट तकरीबन 10 हजार कर्मचारियों को बाहर करने जा रही है। अचानक से खुद को बेरोजगार पाने वाले तमाम कर्मचारी सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दे रहे हैं और अपनी वीजा समस्या बताते हुए नई नौकरी के लिए गुहार लगा रहे हैं।

इन्हीं में एक हैं भारतीय मूल की हर्षिता झावर। हर्षिता माइक्रोसॉफ्ट के वॉशिंगटन ऑफिस में पिछले चार साल से डाटा एंड एप्लाइड साइंटिस्ट थीं। छंटनी की तलवार चलने के बाद हर्षिता ने लिंक्डइन पर लंबी सी पोस्ट में लिखा, मैं भी छंटनी का शिकार हुई हूं। मैं इस समय वीजा पर हूं और मेरे पास नई नौकरी ढूंढ़ने के लिए बहुत कम समय बचा है। मैं वीजा की बची अवधि में अपने करियर को सही दिशा देने और परिवार की जिम्मेदारियों को पूरा करने की जद्दोजहद से जूझ रही हूं।