Skip to content

62 वर्षीय भारतीय वर्गीज ने दुबई ड्यूटी फ्री ड्रॉ में जीती 10 लाख डॉलर की राशि

यह राशि जीतने के बाद उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार कोई ड्रॉ जीता है। मैं इसके लिए अपनी किस्मत को शुक्रिया अदा करता हूं। 62 वर्षीय भारतीय वर्गीज दो बच्चों के पिता है और घूमने के शौकीन हैं। उन्होंने अपने जीवन के 35 साल मिडिल ईस्ट में दुबई और मस्कट की यात्रा करते हुए बिताए हैं।

ओमान में रहने वाले एक 62 वर्षीय भारतीय शख्स ने दुबई ड्यूटी फ्री ड्रॉ में 10 लाख डॉलर (सात करोड़ 83 लाख 34 हजार 350 रुपये) का ग्रांड प्राइज जीता है। विजेता का नाम वर्गीज है जो केरल के रहने वाले हैं और मस्कट में एक कंज्यूमर गुड्स कंपनी के लिए जनरल मैनेजर के तौर पर काम करते हैं।

वर्गीज ने लकी टिकट नंबर 0982 खरीदने के बाद मिलेनियम मिलिनेयर सीरीज 392 में 10 लाख डॉलर जीते। उन्होंने यह टिकट 29 मई को ऑनलाइन खरीदा था। वर्गीज दो बच्चों के पिता है और घूमने के शौकीन हैं। उन्होंने अपने जीवन के 35 साल मिडिल ईस्ट में दुबई और मस्कट की यात्रा करते हुए बिताए हैं।

यह राशि जीतने के बाद उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार कोई ड्रॉ जीता है। मैं इसके लिए अपनी किस्मत को शुक्रिया अदा करता हूं। उन्होंने कहा कि दुबई ड्यूटी फ्री अब से मेरे जीवन के एक हिस्से की तरह होगा। वर्गीज की योजना इस राशि के एक बड़े हिस्से को अपने रिटायरमेंट के बाद के लिए बचाने की है। इसके अलावा वह एक हिस्सा महिलाओं और बच्चों के लिए काम करने वाली चैरिटी को दान करने की योजना भी बना रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मिलेनियम मिलिनेयर शो की शुरुआत साल 1999 में हुई थी। इसके बाद से 10 लाख डॉलर की राशि जीतने वाले वर्गीज 192वें भारतीय हैं। बता दें कि मिलेनियम मिलिनेयर दुबई ड्यूटी फ्री टिकट खरीदने वालों में भारतीयों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है।

इन भारतीयों ने भी अपने नाम किए पुरस्कार

वर्गीज के अलावा दुबई में रहने वाले भारतीय नागरिक थिममैया नानजप्पा (40) ने मर्सिडीज बेंज सीएलएस 4एम एएमजी कार जीती है। उन्हें फाइनेस्ट सरप्राइज सीरीज 1808 में टिकट नंबर 0108 के साथ यह ओब्सीडियन ब्लैक मेटालिक कार मिली। उन्होंने तीन जून को बेंगलुरु जाते समय यह टिकट खरीदा था।

दुबई में रहने वाले भारतीय जमील फोंसेका (40) को फाइनेस्ट सरप्राइज सीरीज 502 में बीएमडब्ल्यू आर 9टी मोटरबाइक मिली है। जमील का टिकट नंबर 0238 था जो उन्होंने दो जून को ऑनलाइन खरीदा था। वहीं शारजाह में रहने वाले भारतीय शेख आबिद हुसैन अंसारी ने भी बीएमडब्ल्यू की बाइक जीती है।

Comments

Latest